बहराइच के कस्तूरबा विद्यालय पहुंचीं डीएम, छात्राओं से अंग्रेजी-भूगोल के सवाल पूछकर परखी पढ़ाई

Bahraich News: बहराइच के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में डीएम ने छात्राओं से पढ़ाई का स्तर जाना। भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए जरूरी निर्देश।

Newstrack Network
Published on: 23 Nov 2026 8:48 PM IST
बहराइच के कस्तूरबा विद्यालय पहुंचीं डीएम, छात्राओं से अंग्रेजी-भूगोल के सवाल पूछकर परखी पढ़ाई
X

Bahraich News: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार दोपहर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, तजवापुर का औचक निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से सीधे संवाद किया और विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता और विषयगत समझ को परखा।

डीएम ने छात्राओं से पहाड़े सुनने के साथ अंग्रेजी विषय में नाउन, प्रोनाउन और टेंस से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने हिंदी वाक्यों का अंग्रेजी में अनुवाद भी कराया। वहीं भूगोल विषय में जलवायु और महाद्वीपों से जुड़े सवाल पूछकर उनके सामान्य ज्ञान का आकलन किया। जिलाधिकारी के सवालों का छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए डीएम ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित न रहें, बल्कि छात्राओं की विषयगत समझ, तार्किक क्षमता और सीखने की रुचि भी विकसित करें। उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से छात्राओं की शैक्षिक प्रगति का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए।

विद्यालय की भोजन एवं आवासीय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने छात्राओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शरद ऋतु को देखते हुए छात्राओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने को कहा। साथ ही छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रत्येक माह स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता से लेकर भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आवासीय सुविधाओं तक किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड अमर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story