Bahraich News: भेड़िए का आतंकः मां के पास से मासूम को उठा ले गया, अब तक 6 लोगों की गयी जान

Bahraich News: गांव के राकेश यादव की डेढ़ वर्षीय बेटी शानवी को भेड़िया घर के अंदर मां के पास से उठाकर ले गया। जैसे ही भेड़िए ने मासूम को जबड़ों में दबोचा, बच्ची दर्द से चीख पड़ी।

Shishumanjali kharwar
Published on: 2 Nov 2025 3:27 PM IST
Bahraich News
X

Bahraich News

Bahraich News: जनपद में भेड़िए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार तड़के करीब 5 बजे ग्राम पंचायत कंदौली (गोरछहन पुरवा) में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के राकेश यादव की डेढ़ वर्षीय बेटी शानवी को भेड़िया घर के अंदर मां के पास से उठाकर ले गया। जैसे ही भेड़िए ने मासूम को जबड़ों में दबोचा, बच्ची दर्द से चीख पड़ी। उसकी चीख सुनकर मां की नींद खुली और उसने शोर मचाया। परिजन व ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, लेकिन तब तक भेड़िया बच्ची को लेकर पास के गन्ने के खेतों की ओर भाग गया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन की मदद से इलाके की घंटों तलाशी ली। घर से लगभग 200 मीटर दूर खेतों में खून के धब्बे और मांस के टुकड़े मिले, लेकिन बच्ची का पूरा शव अब तक नहीं मिला है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग गहरी दहशत में हैं।

गौरतलब है कि बहराइच में पिछले कुछ महीनों से भेड़िए का आतंक जारी है। अब तक इन हमलों में 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 30 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27 सितंबर को मंझरा तौकली क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों को भेड़िया पकड़ने या आवश्यकता पड़ने पर उसे मार गिराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद करीब 20 दिन पहले भृगुपुरवा मंझरा तौकली में वन विभाग की फायरिंग में एक भेड़िया मारा गया था।

विभाग ने कुल 4 भेड़िए होने की पुष्टि की थी, जिनमें 2 को मार गिराया गया था और एक को गोली लगी थी जिसकी तलाश जारी थी। करीब 20 दिन की शांति के बाद फिर से यह खूंखार जानवर सक्रिय हो गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और विशेष रूप से बच्चों को घरों से बाहर न निकलने दें। पूरे क्षेत्र में दहशत और भय का माहौल व्याप्त है।

1 / 5
Your Score0/ 5
Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story