TRENDING TAGS :
Balrampur News: मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट निस्तारण को मिली मंजूरी, मशीनरी के लिए 2.62 करोड़ स्वीकृत
Balrampur News: बलरामपुर में 65 हजार मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट के निस्तारण का रास्ता साफ हुआ। अत्याधुनिक प्रोसेसिंग मशीनरी के लिए 2.62 करोड़ रुपये मंजूर हुए।
Balrampur News(Photo-Social Media)
Balrampur News: बलरामपुर शहर में वर्षों से जमा करीब 65 हजार मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की राह आसान हो गई है। नगर पालिका परिषद बलरामपुर को कचरे के वैज्ञानिक एवं पूर्ण निस्तारण के लिए अत्याधुनिक प्रोसेसिंग मशीनरी की स्थापना हेतु 2 करोड़ 62 लाख 94 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है। इससे लंबे समय से जमा कचरे के ढेर को व्यवस्थित तरीके से हटाने और नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की उम्मीद है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के लगातार प्रयासों के बाद यह स्वीकृति मिली है। नगर पालिका की ओर से इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया है।
वैज्ञानिक तरीके से होगा कचरे का निस्तारण
प्रस्तावित अत्याधुनिक प्रोसेसिंग मशीनरी के जरिए वर्षों से जमा लिगेसी वेस्ट की वैज्ञानिक पद्धति से छंटाई और प्रसंस्करण किया जाएगा। कचरे में मौजूद अलग-अलग घटकों को पृथक कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका निस्तारण किया जाएगा। इससे कूड़ा निस्तारण स्थल पर लंबे समय से जमा कचरे का बोझ कम होगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार लिगेसी वेस्ट के निस्तारण से शहर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने में मदद मिलेगी। परियोजना पूरी होने के बाद पुराने कचरे के ढेर को हटाने के साथ भविष्य में कूड़ा प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी काम किया जा सकेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है। लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की स्वीकृति वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य जारी रहेगा।


