TRENDING TAGS :
Balrampur News: मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में उमड़ी भीड़, 1760 मरीजों को मिला इलाज
Balrampur News: मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां 1760 मरीजों का इलाज किया गया। स्वास्थ्य जांच और मुफ्त दवाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
Balrampur News(Photo-Social Media)
Balrampur News: बलरामपुर जनपद में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जिले के सभी 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित इन मेलों में कुल 1760 मरीजों का उपचार किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की जांच, परामर्श और दवा वितरण की व्यापक व्यवस्था की गई थी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मेलों में 732 पुरुष, 802 महिलाएं और 226 बच्चों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कीं। मेलों में पहुंचे मरीजों का पंजीकरण कर उनकी सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर, टीबी, कुष्ठ रोग, नेत्र एवं दंत रोगों की जांच भी की गई। डॉक्टरों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देते हुए निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराईं।
महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस देखने को मिला। गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई और उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी गई। वहीं परिवार नियोजन को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। बच्चों के नियमित टीकाकरण की व्यवस्था भी मेलों में की गई, ताकि कोई भी बच्चा आवश्यक टीकों से वंचित न रह सके।
मेलों में केवल इलाज ही नहीं, बल्कि विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई। आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरा एकडंगा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं और इससे लोगों को घर के पास ही इलाज की सुविधा मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने भी मेलों की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नियमित रूप से ऐसे आयोजन होने से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो सकेगी।


