TRENDING TAGS :
Balrampur News : बलरामपुर में गौकशी का आरोप, प्रधान के दो भाइयों पर पुलिस जांच जारी
Balrampur News : बलरामपुर में गौकशी का आरोप, प्रधान के दो भाइयों पर शिकायत, पुलिस मामले की जांच में जुटी
बलरामपुर में प्रधान के भाइयों पर गोहत्या का आरोप
Balrampur News : बलरामपुर जनपद के थाना कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र में कथित गौकशी का एक मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बन गया है। ग्राम पंचायत विशुनपुर कलां के निवासी अनूप कुमार यादव ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में ग्राम प्रधान मोहम्मद खलील के दो भाइयों समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव के तालाब में गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बताया गया कि गांव के कुछ बच्चे तालाब के पास खेलने गए थे, जहां उन्हें उक्त अवशेष दिखाई दिया। बच्चों से सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके पास घटना से संबंधित वीडियो और फोटो भी मौजूद हैं।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 13 फरवरी 2026 को गांव में एक पारिवारिक आयोजन के दौरान गौकशी की गई और उसके अवशेषों को अलग-अलग स्थानों पर फेंका गया। शिकायत में अफजल और चिक्कन समेत कई अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान अपने भाइयों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तालाब से मिले अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद से क्षेत्र में माहौल संवेदनशील बना हुआ है, हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस लगातार गांव में निगरानी रखे हुए है ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न उत्पन्न हो। इस प्रकरण को लेकर प्रधान का कहना है कि इस तरह की कोई बात नहीं है आरोप गलत लग रहे हैं हम लोग भी जा रहे हैं जो आरोपी हो उनके ऊपर कारवाई हो।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है और स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। स्थानीय प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।


