Balrampur News: रात की चेकिंग में खुला कच्ची शराब का खेल, तीन तस्कर गिरफ्तार, बाइक और ई-रिक्शा जब्त

Balrampur News : बलरामपुर में रात की चेकिंग के दौरान 51 लीटर कच्ची शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार, वाहन जब्त किए गए।

Pawan Tiwari
Published on: 12 May 2026 10:10 AM IST
Balrampur News: रात की चेकिंग में खुला कच्ची शराब का खेल, तीन तस्कर गिरफ्तार, बाइक और ई-रिक्शा जब्त
X

 Balrampur News

Balrampur News: बलरामपुर जनपद में अवैध कच्ची शराब का कारोबार लगातार फैलता जा रहा है। गांवों से लेकर सड़कों तक इसका नेटवर्क सक्रिय होने की चर्चा है। इसी बीच थाना कोतवाली जरवा पुलिस ने सोमवार-मंगलवार की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाकर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 51 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल और एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली जरवा पुलिस की टीम रात में पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने रामपुर निवासी अतवारी को पकड़ लिया। उसकी टीवीएस स्टार सिटी बाइक की सीट के नीचे से 16 प्लास्टिक पन्नियों में भरी करीब 12 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद पुलिस ने पिपरा दुर्गानगर निवासी संतोष को रोका। उसकी टीवीएस स्टार स्पोर्ट बाइक की डिग्गी से 14 पन्नियों में भरी 10.5 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ भी एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।अभियान के दौरान सबसे बड़ी बरामदगी लोहटी निवासी सुनील कुमार के ई-रिक्शा से हुई। पुलिस ने ई-रिक्शा की तलाशी ली तो सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 38 प्लास्टिक पन्नियों में कुल 28.5 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इसके बाद ई-रिक्शा को सीज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली जरवा में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय अवैध शराब नेटवर्क पर भी नजर रखी जा रही है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story