Balrampur News: झाड़-फूंक के नाम पर लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हुए ठग, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

Balrampur News: झाड़-फूंक और सुख-शांति का झांसा देकर ठग महिला से सोने के गहने व नकदी लेकर फरार, पुलिस से कार्रवाई की मांग।

Pawan Tiwari
Published on: 30 May 2026 2:34 PM IST (Updated on: 30 May 2026 2:34 PM IST)
Balrampur News: झाड़-फूंक के नाम पर लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हुए ठग, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
X

Balrampur News

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के थाना पचपेड़वा क्षेत्र के मठवा गांव में झाड़-फूंक और सुख-शांति का झांसा देकर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भिखारी के वेश में आए दो अज्ञात युवकों ने महिला को अपनी बातों में फंसाकर सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

मठवा गांव निवासी पूनम यादव पत्नी सुरेश कुमार यादव के अनुसार, 28 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे दो युवक उनके घर पहुंचे। दोनों ने सफेद कुर्ता, सफेद लुंगी और सिर पर हरी पगड़ी पहन रखी थी। उन्होंने घर में सुख-शांति, खुशहाली और बरकत लाने के लिए झाड़-फूंक तथा धार्मिक अनुष्ठान करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने घर पर भोजन भी किया और धीरे-धीरे परिवार का विश्वास जीत लिया।

पीड़िता का आरोप है कि, दोनों युवकों ने धार्मिक क्रिया का हवाला देते हुए पहले एक हजार रुपये नकद और फिर एक जोड़ी सोने का झाला, एक जोड़ी सोने की बाली तथा गले की सोने की माला मांगी। युवकों ने दावा किया कि वे आभूषणों पर विशेष दुआ और दम करेंगे तथा बाद में उन्हें सुरक्षित लौटा देंगे। कुछ देर बाद उन्होंने एक पैकेट वापस देते हुए उसे 24 घंटे बाद खोलने की सलाह दी।

पूनम यादव ने बताया कि, पैकेट घर में रखने के बाद वह सो गईं। बाद में सास के कहने पर जब पैकेट खोला गया तो उसमें रखे सभी सोने के आभूषण गायब थे। तब उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुकी हैं। काफी तलाश के बावजूद दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।घटना के बाद पीड़ित परिवार में चिंता और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता ने थाना पचपेड़वा में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई तथा ठगी गई नकदी और आभूषण बरामद कराने की मांग की है। वहीं इस संबंध में जब थाना प्रभारी पचपेड़वा ओम प्रकाश चौहान से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामले को मैं पता करवा रहा हूं क्या है पूरा मामला।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story