Balrampur News: नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान: बलरामपुर पुलिस ने काटे 75 हजार जुर्माना

Balrampur News: पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान में सख्ती दिखाते हुए बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस चलने वालों पर कार्रवाई कर 61 वाहनों से 75 हजार का जुर्माना वसूला।

Pawan Tiwari
Published on: 12 Sept 2025 4:16 PM IST
No helmet-no fuel campaign: Balrampur police collect Rs 75,000 fine
X

नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान: बलरामपुर पुलिस ने काटे 75 हजार जुर्माना (Photo- Newstrack)

Balrampur News: बलरामपुर जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए बलरामपुर पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर 1 से 30 सितम्बर तक “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को बलरामपुर यातायात पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर जागरूकता और कड़ी कार्रवाई दोनों की।

पेट्रोल पंपों पर विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात डी.के. श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रभारी यातायात उमेश सिंह मय टीम ने जिले के कई पेट्रोल पंपों पर विशेष अभियान चलाया। सेमरहना स्थित एढाक हमारा पंप और हरिहरगंज के शंकर पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि बिना हेलमेट पेट्रोल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इस दौरान पुलिस ने लोगों को समझाया कि यह नियम उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर लागू किया गया है।

इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस ने भगवतीगंज तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वालों को तुरंत रोका गया और चालान की कार्यवाही की गई। कुल 61 वाहनों से 75,000 का समन काटा गया।

यातायात प्रभारी उमेश सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमों के महत्व का एहसास कराना है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों से बचाव का सबसे कारगर उपाय है कि वाहन चालक सुरक्षा उपकरणों का सही तरीके से प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस ने जनमानस से की अपील

बलरामपुर पुलिस ने जनमानस से अपील की है कि सभी लोग स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। “नो हेलमेट-नो फ्यूल” नियम का पालन हर वाहन चालक को करना चाहिए, क्योंकि जीवन की सुरक्षा ही सबसे महत्वपूर्ण है।

1 / 5
Your Score0/ 5
Pawan Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Pawan Tiwari

pawantiwaribalrampur.newstrack.com@gmail.com
Next Story