Balrampur: विकास आपके द्वार’ कैंप में पहुंचे छूटे पात्र लाभार्थी, सरकारी योजनाओं के लिए किए आवेदन

Balrampur News: बलरामपुर के बरांव में ‘विकास आपके द्वार’ कैंप लगा, पात्र लाभार्थियों ने पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान और आवास योजनाओं के लिए आवेदन किया।

Pawan Tiwari
Published on: 5 Sept 2026 12:23 PM IST
Balrampur: विकास आपके द्वार’ कैंप में पहुंचे छूटे पात्र लाभार्थी, सरकारी योजनाओं के लिए किए आवेदन
X

Balrampur News: जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार विकासखंड की ग्राम पंचायतों में ‘विकास आपके द्वार’ अभियान के तहत एक दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बरांव में सोमवार को कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में सरकारी योजनाओं के लाभ से छूटे हुए पात्र लाभार्थियों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन एवं पंजीकरण कराया।

शिविर में आधार नामांकन एवं संशोधन, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, नए राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

ग्राम पंचायत सचिव सुनील कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार विकासखंड की ग्राम पंचायतों में एक दिवसीय कैंप लगाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ना और पात्र लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।

अभियान के तहत ग्राम पंचायत के विभिन्न मजरों में प्रचार-प्रसार वाहन के माध्यम से ग्रामीणों को कैंप की जानकारी देकर जागरूक किया गया। ग्राम प्रधान (प्रशासक) दशरथ लाल ने कैंप से पहले गांव के विभिन्न मोहल्लों एवं मजरों का भ्रमण कर ग्रामीणों को जागरूक किया और अधिक से अधिक पात्र लोगों से कैंप में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत हुई। ग्रामीणों ने कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव सुनील कुमार, ग्राम प्रधान (प्रशासक) दशरथ लाल, पंचायत सहायक लक्ष्मी गौतम, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पवन, ग्राम रोजगार सेवक हरिओम तिवारी, पूनम गौतम, शीला सोनकर, निजामुद्दीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Pawan Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Pawan Tiwari

pawantiwaribalrampur.newstrack.com@gmail.com
Next Story