Balrampur News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 119 जोड़ों का विवाह, 35 निकाह भी संपन्न हुए

Balrampur News: बलरामपुर के तुलसीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 119 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिनमें 35 निकाह भी शामिल रहे। कार्यक्रम में नवदंपतियों को सरकारी सहायता और शुभकामनाएं प्रदान की गईं।

Pawan Tiwari
Published on: 23 July 2026 6:14 PM IST
Balrampur News
X

Balrampur News(Photo-Social Media)

Balrampur News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को तहसील तुलसीपुर स्थित एमडीएस मैरिज हॉल में 119 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़ों ने अपनी-अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार वैवाहिक बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में 84 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ, जबकि 35 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार कराया गया। विवाह समारोह में नवदंपतियों और उनके परिजनों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है और सामाजिक समरसता को भी मजबूती दे रही है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत 64 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। इसके अलावा 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री नवदंपति को दी जाती है, जबकि 15 हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।

समारोह में पूर्व विधायक गैसड़ी शैलेश कुमार सिंह 'शैलू', ब्लॉक प्रमुख गैसड़ी, नोडल अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए, खंड विकास अधिकारी तुलसीपुर, गैसड़ी व पचपेड़वा, जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे विवाह में होने वाले आर्थिक बोझ में कमी आई है और पात्र परिवार सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह संपन्न करा पा रहे हैं।

Pawan Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Pawan Tiwari

pawantiwaribalrampur.newstrack.com@gmail.com
Next Story