TRENDING TAGS :
Balrampur News: CM योगी के दौरे के बाद शहर को मिली 12 नई सड़कों की सौगात, 8.81 करोड़ होंग खर्च
Balrampur News: त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत तुलसीपुर और उतरौला में 12 संपर्क मार्गों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण को मंजूरी, 8.81 करोड़ रुपये होंगे खर्च।
CM योगी के दौरे के बाद शहर को मिली 12 नई सड़कों की सौगात, 8.81 करोड़ होंग खर्च (Photo- Social Media)
Balrampur News: बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पांच जून को हुए बलरामपुर दौरे के बाद जिले को विकास की नई सौगात मिली है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत जिले में 12 संपर्क मार्गों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर कुल 8.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्वीकृत योजनाओं में तुलसीपुर और उतरौला विधानसभा क्षेत्रों को समान रूप से छह-छह सड़क परियोजनाएं मिली हैं।
तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र में टेढ़वा में शिव प्रसाद के घर से उत्तर लखनीपुर मार्ग तक, किला-सकरी मार्ग के अवशेष भाग, भवानीडीह मौजा रनिवा में पीडब्ल्यूडी मार्ग से अजय गुप्ता के हाता तक, कोडरी के रजघरवा से अम्बरनगर मार्ग तक तथा भवनियापुर मौजा मध्यनगर में संतराम जायसवाल के स्कूल से दद्दन सिंह के खेत तक सड़क लेपन कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य संपर्क मार्गों को भी बेहतर बनाया जाएगा।
उतरौला विधानसभा क्षेत्र में पीलीभीत-बस्ती मार्ग के बक्सरिया से इमलिया होते हुए मिर्जापुर तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही सडियापुर पीडब्ल्यूडी रोड से नौडिटवा गांव, भरोसेगंज से फत्तेडीह, बल्देवडीह, बलुवा घाट और अहिरनडीह तक, कपौवा-जगदेवा सड़क से पडरौना गांव होते हुए नवडिडया मार्ग तक तथा उतरौला-हुसैनाबाद मार्ग से पतली गांव तक नए संपर्क मार्ग बनाए जाएंगे। वहीं अगया बुजुर्ग ग्रामसभा में कुर्मियनडीह से बढ़ईनडीह तक सड़क लेपन कार्य भी कराया जाएगा।
कनेक्टिविटी होगी मजबूत, ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
अपर जिलाधिकारी ज्योति राय ने बताया कि त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत स्वीकृत सभी परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी, आवागमन सुगम बनेगा तथा स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।


