Balrampur News: PWD की 25 बीघा जमीन पर 26 करोड़ की लागत से आकार लेगा देवीपाटन का आधुनिक बस अड्डा

Balrampur News: तुलसीपुर में पीडब्ल्यूडी की 25 बीघा भूमि पर 26.12 करोड़ रुपये से आधुनिक बस स्टेशन और डिपो बनेगा, जिससे श्रद्धालुओं व यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

Newstrack Network
Published on: 16 Jun 2026 3:58 PM IST
Modern bus terminal of Devipatan to be constructed on 25 bigha land of PWD at a cost of Rs 260 million
X

PWD की 25 बीघा जमीन पर 26 करोड़ की लागत से आकार लेगा देवीपाटन का आधुनिक बस अड्डा (Photo- Social Media)

Balrampur News: बलरामपुर। योगी सरकार ने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। तुलसीपुर में 26.12 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस स्टेशन एवं डिपो का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी की 25 बीघा भूमि चिह्नित कर ली गई है। जिला प्रशासन इसी माह टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी में जुटा है।

तुलसीपुर क्षेत्र में लंबे समय से बस स्टेशन की मांग उठ रही थी। जनभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गत वर्ष बस स्टेशन निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। वर्तमान वित्तीय वर्ष में इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है। तहसील प्रशासन ने नगर स्थित पीडब्ल्यूडी की भूमि को बस स्टेशन और डिपो निर्माण के लिए चिन्हित कर लिया है तथा भूमि के निःशुल्क हस्तांतरण को भी स्वीकृति मिल चुकी है। स्थानीय निवासी उमेश अग्रहरि, रोहित और कंचन का कहना है कि बस स्टेशन बनने के बाद लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और प्रयागराज सहित अन्य शहरों के लिए सीधी बस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

देवीधाम में आधुनिक बस स्टेशन बनने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। देवीपाटन मंदिर में चैत्र और शारदीय नवरात्रि के दौरान विशाल मेले का आयोजन होता है, जबकि वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है। नए बस स्टेशन से विभिन्न जनपदों से सीधी बसों का संचालन संभव होगा, जिससे यात्रियों के समय और धन दोनों की बचत होगी।

डिजिटल टिकट काउंटर संग बनेगा एसी प्रतीक्षालय

प्रस्तावित बस स्टेशन में वातानुकूलित यात्री प्रतीक्षालय, डिजिटल टिकट काउंटर, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, उत्कृष्ट ड्रेनेज सिस्टम तथा बसों के रखरखाव और मरम्मत के लिए डिपो का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा बड़ी पार्किंग सुविधा भी विकसित की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story