TRENDING TAGS :
Balrampur News: महराजगंज तराई में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग
Balrampur News: बलरामपुर के महराजगंज तराई बाजार में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगी आग से एसी, फ्रिज व अन्य सामान सहित लाखों का नुकसान हुआ।
Balrampur News (Social Media) (1).jpg
Balrampur News: महराजगंज तराई (बलरामपुर) में शनिवार शाम एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में अचानक लगी आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के महराजगंज तराई बाजार स्थित अब्दुल्ला की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में शनिवार करीब शाम 5 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
दुकान मालिक अब्दुल्ला ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखा एसी, फ्रिज, कूलर, पंखा सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। उन्होंने लगभग सात लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद दुकान में केवल जला हुआ सामान और राख ही बची दिखाई दी।
क्षेत्रीय लेखपाल श्री निवास ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया गया है। रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


