TRENDING TAGS :
Balrampur News: बलरामपुर में अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, साबान अली का क्लीनिक सील
Balrampur News: बलरामपुर में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित साबान अली मेडिकल क्लीनिक को सील कर दिया। बिना रजिस्ट्रेशन क्लीनिक संचालन पर सख्त कार्रवाई की गई।
Balrampur News(Photo-Social Media)
Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद में अवैध रूप से संचालित मेडिकल क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में श्रीदत्तगंज क्षेत्र के चवईखुर्द मोड़ स्थित साबान अली मेडिकल क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई शुक्रवार, 22 मई 2026 को की गई।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर क्लीनिक में एक मरीज को ड्रिप चढ़ाने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद गोंडा निवासी असहद शरीफ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि साबान अली बिना वैध पंजीकरण के मेडिकल क्लीनिक संचालित कर रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीदत्तगंज के सहयोग से क्लीनिक पर छापा मारा। जांच के दौरान मौके पर साबान अली मौजूद मिले, लेकिन जब उनसे वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई पंजीकरण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
जांच में यह भी सामने आया कि क्लीनिक परिसर में बिना अनुमति के मेडिकल स्टोर संचालित किया जा रहा था, जिसका कोई आधिकारिक रजिस्ट्रेशन नहीं था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया और संचालक को एक सप्ताह के भीतर सभी वैध अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस कार्रवाई के दौरान अधीक्षक डॉ. आनंद प्रकाश त्रिपाठी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह और वार्ड बॉय प्रमोद कुमार यादव भी मौजूद रहे। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बिना पंजीकरण या नियमों के विपरीत संचालित मेडिकल क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सभी संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करने की चेतावनी दी और कहा कि नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


