Balrampur News: आर्य समाज भंग के बाद प्रशासक नियुक्त; इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति में भी होगा बदलाव

Balrampur News: बलरामपुर में आर्य समाज संस्था भंग होने के बाद प्रशासक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही डीएवी इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति में भी जल्द बदलाव की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

Pawan Tiwari
Published on: 26 July 2026 12:12 PM IST
Balrampur News
X

Balrampur News(Photo-Social Media)

Balrampur News: आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश ने आर्य समाज बलरामपुर को भंग करते हुए उसके संचालन के लिए प्रशासक मंडल नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही आर्य समाज से संबद्ध डीएवी इंटर कॉलेज बलरामपुर की प्रबंध समिति में भी बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रविवार को आर्य समाज मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशासक मंडल ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के जिला प्रभारी अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि प्रतिनिधि सभा द्वारा 5 जुलाई 2026 को आर्य समाज बलरामपुर और डीएवी इंटर कॉलेज में वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच के लिए समिति गठित की गई थी। समिति में उनके साथ मनोज आर्य और सहज रामगिरी शामिल थे। जांच के दौरान संस्था के संचालन में कई गंभीर अनियमितताएं और कथित भ्रष्टाचार सामने आए, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रतिनिधि सभा को भेजी गई। रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद प्रतिनिधि सभा ने आर्य समाज बलरामपुर की तत्कालीन समिति को भंग कर दिया।

उन्होंने बताया कि प्रतिनिधि सभा ने अरुण कुमार शुक्ला एडवोकेट को प्रशासक नियुक्त किया है, जबकि रुपेश कुमार मिश्रा, राम मणि सोनकर और आर्य त्रिपाठी को सहयोगी नामित किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि संयुक्त शिक्षा निदेशक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक और संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।

अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रशासक मंडल अगले छह माह तक संस्था का संचालन करेगा। इस अवधि में आर्य प्रतिनिधि सभा की देखरेख में सक्रिय सदस्यों के बीच निष्पक्ष चुनाव कराकर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में प्रशासक मंडल के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को आर्य समाज की ओर से वैदिक संस्कार कराने अथवा किसी प्रकार का प्रमाण पत्र जारी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि आर्य समाज से डीएवी इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति में चार सदस्य भेजे जाते हैं, जिनमें से ही कॉलेज के अध्यक्ष और प्रबंधक का चयन होता है। ऐसे में आर्य समाज की नई समिति बनने के बाद कॉलेज की प्रबंध व्यवस्था में भी परिवर्तन होगा।

कार्यक्रम में साप्ताहिक सत्संग एवं यज्ञ-हवन के बाद प्रशासक मंडल ने कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर की सत्यार्थ प्रकाश प्रतियोगिता के नौ विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा 17 अगस्त को गोंडा में प्रस्तावित गोंडा-बलरामपुर संयुक्त आर्य समाज सम्मेलन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में आर्य समाज के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Pawan Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Pawan Tiwari

pawantiwaribalrampur.newstrack.com@gmail.com
Next Story