TRENDING TAGS :
Balrampur News: साप्ताहिक परेड में जवानों ने दिखाई ऊर्जा और एकरूपता, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Balrampur News: बलरामपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान जवानों ने अनुशासन और एकरूपता का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Balrampur News(Photo-Social Media)
Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड सिर्फ औपचारिकता बनकर नहीं रही, बल्कि फिटनेस, अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग का संदेश देने वाला आयोजन साबित हुई। जवानों ने दौड़ और टोलीवार ड्रिल के जरिए अपनी ऊर्जा, तालमेल और एकरूपता का प्रभावी प्रदर्शन किया, वहीं अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों के बेहतर कार्य वातावरण पर भी जोर दिया।
यहां शुक्रवार सुबह रिजर्व पुलिस लाइन का माहौल जोश और अनुशासन से भरा नजर आया। पुलिसकर्मियों ने दौड़ लगाकर शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने का संदेश दिया। टोलीवार ड्रिल के दौरान जवानों की एकरूपता और अनुशासन ने मौजूद अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन में आयोजित परेड का निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने किया। उन्होंने परेड की गतिविधियों को बारीकी से परखा और जवानों का उत्साहवर्धन किया। यूपी-112 वाहनों में दंगा नियंत्रक उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स और अन्य जरूरी संसाधनों की जांच करते हुए उन्होंने रिस्पांस टाइम को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
वहीं ये निरीक्षण केवल परेड तक सीमित नहीं रहा। अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर, स्टोर रूम, क्वार्टर गार्ड, जीडी कार्यालय, कैंटीन, परिवहन शाखा, आदर्श आरक्षी बैरक और आवासीय परिसर का भी जायजा लिया। पुलिस भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा की गई। परिसर और आवासों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि बेहतर फिटनेस और अनुशासित कार्यशैली से जवानों की कार्यक्षमता बढ़ती है, जिसका सीधा लाभ आमजन को मिलता है। नियमित परेड और निरीक्षण के जरिए पुलिस बल को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखा जा रहा है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ललिया डी.के. श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लाइन/तुलसीपुर डॉ. जितेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


