TRENDING TAGS :
Balrampur News: राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में तीसरा स्थान पाने पर रश्मि सिंह सम्मानित
Balrampur News: बलरामपुर की हॉकी कोच और राष्ट्रीय स्तर की अंपायर रश्मि सिंह को राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
Balrampur News
Balrampur News: पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज की हॉकी कोच एवं स्पोर्ट्स इंचार्ज रश्मि सिंह को राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समेत खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है।राइजिंग एंजल सोसाइटी और रेडियो सिटी गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और अपने जनपद का नाम रोशन किया। इसी क्रम में बलरामपुर की खेल सचिव और राष्ट्रीय स्तर की हॉकी अंपायर रश्मि सिंह को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडेय ने खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु में भी खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा है।रश्मि सिंह ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण से बलरामपुर जनपद को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफलता के बाद पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज में भी रश्मि सिंह का सम्मान किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी ने उन्हें अंगवस्त्र और मेडल पहनाकर स्वागत किया। उप प्रधानाचार्या शिखा पांडेय और उप प्रधानाचार्य राघवेंद्र त्रिपाठी ने भी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने रश्मि सिंह की उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता खेल क्षेत्र में विद्यालय की बढ़ती उपलब्धियों का प्रतीक है और इससे अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी।


