Balrampur News: सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे पर सजा फूड फेस्टिवल, मिलेट्स बने आकर्षण

Balrampur News: बलरामपुर में आयोजित फूड फेस्टिवल में मिलेट्स, ऑर्गेनिक उत्पाद और पारंपरिक व्यंजनों ने लोगों का ध्यान खींचा, स्वस्थ खानपान का संदेश दिया।

Pawan Tiwari
Published on: 18 Jun 2026 5:22 PM IST
Decorated food festival on Sustainable Gastronomy Day, Millets become the attraction
X

सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे पर सजा फूड फेस्टिवल, मिलेट्स बने आकर्षण (Photo- Newstrack)

Balrampur News: बलरामपुर में स्वस्थ खानपान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे के अवसर पर गुरुवार को राही टूरिस्ट बंगला के वीआईपी हॉल में एक दिवसीय फूड फेस्टिवल एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक पलटू राम तथा आदर्श नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' ने फीता काटकर किया।

मोटे अनाज और जैविक उत्पादों से तैयार व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी

फूड फेस्टिवल में मोटे अनाज और जैविक उत्पादों से तैयार व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। यहां मल्टीग्रेन आटा, ज्वार, बाजरा, रागी, चना, धान, ऑर्गेनिक सब्जियां, मौसमी फल चाट, लिट्टी-चोखा, सत्तू, बेल का जूस, कोदो कटलेट, सांवा की खीर और अंकुरित सलाद जैसे स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा डायबिटिक केयर उत्पाद, सुपर फूड, विभिन्न प्रकार के मिलेट्स, हस्तनिर्मित बैग, परिधान और ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी प्रदर्शित किए गए।


दिनभर चले आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पारंपरिक और पौष्टिक खाद्य पदार्थों का स्वाद लिया। आगंतुकों ने विशेष रूप से मिलेट्स आधारित व्यंजनों और स्थानीय स्तर पर तैयार ऑर्गेनिक उत्पादों की सराहना की। कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को भी अपने उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिला।

फास्ट फूड की जगह पारंपरिक खानपान को अपनाना समय की जरूरत

इस अवसर पर विधायक पलटू राम ने कहा कि बदलती जीवनशैली और फास्ट फूड के बढ़ते चलन के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में मोटे अनाज और पारंपरिक खानपान को अपनाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स न केवल पोषण से भरपूर हैं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्री अन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादकों और महिला उद्यमियों के लिए नए बाजार और अवसर उपलब्ध कराते हैं।

कार्यक्रम में यूपी पर्यटन के यूनिट मैनेजर दीपू सिंह भदौरिया, होटल के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आगंतुक मौजूद रहे। फूड फेस्टिवल लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश देता नजर आया।

Pawan Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Pawan Tiwari

Next Story