TRENDING TAGS :
Banda News: एसडीएम रेखा सियाक से अतर्रा की जनता को जगी न्याय और विकास की उम्मीद
Banda News: एसडीएम रेखा सियाक ने अतर्रा में सरकारी जमीनों से कब्जे हटाने और गरीबों को न्याय दिलाने को प्राथमिकता बताया, राजस्व टीम को निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसडीएम रेखा सियाक से अतर्रा की जनता को जगी न्याय और विकास की उम्मीद (Photo- Newstrack)
Banda News:अतर्रा तहसील की जिम्मेदारी संभालने के बाद उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रेखा सियाक के तेवर से क्षेत्रीय लोगों में न्याय और विकास की नई उम्मीद जगी है। उनके कुशल नेतृत्व में वर्षों से लंबित जनसमस्याओं के समाधान और तहसील के चौमुखी विकास की आस लोगों ने लगाई है। खासकर सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों और दबंगों की मनमानी से परेशान गरीब, पीड़ित और असहाय लोगों को अब न्याय मिलने की उम्मीद दिखाई देने लगी है।
एसडीएम रेखा सियाक ने कार्यभार संभालते ही राजस्व विभाग की पूरी टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर पहुंचकर किया जाए। लेखपाल, कानूनगो, नायब तहसीलदार और तहसीलदार सहित राजस्व टीम को शिकायतकर्ता से सीधे संवाद करने और निष्पक्ष कार्रवाई करने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी दबाव, अभाव अथवा प्रभाव में आकर काम न करे। यदि राजस्व टीम की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही या गलती सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी पर सही काम करने के दौरान कोई दबाव बनाता है तो इसकी जानकारी सीधे उन्हें दी जाए। ऐसे मामलों में संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी। पीड़ित को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने के साथ गांवों के सेक्टर, चक और तालाबों पर किए गए अवैध निर्माण को हटाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। एसडीएम के इन स्पष्ट निर्देशों से उन लोगों में उम्मीद जगी है, जो लंबे समय से अवैध कब्जों और राजस्व संबंधी विवादों से परेशान हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई कार्यशैली का लाभ धरातल पर कितनी तेजी से मिलता है। क्षेत्रीय लोगों ने गौरा बाबा से प्रार्थना की है कि एसडीएम जनता की उम्मीदों पर खरी उतरें और अतर्रा में निष्पक्ष प्रशासन, न्याय और विकास की नई मिसाल कायम करें।


