बांदा में सोते समय भाई-बहन की बिगड़ी हालत, दोनों की मौत

Banda News: बांदा के पिंडारन गांव में सोते समय 16 वर्षीय अनूपा और 13 वर्षीय मोहित की मौत हो गई। सांप के डसने की आशंका के बीच बिसरा जांच के लिए भेजा जाएगा।

Kumud Gupta
Published on: 17 Oct 2026 9:17 PM IST
बांदा में सोते समय भाई-बहन की बिगड़ी हालत, दोनों की मौत
X

social media image

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक ही परिवार के दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात देवी प्रतिमाओं के दर्शन कर घर लौटे 16 वर्षीय अनूपा और उसके 13 वर्षीय भाई मोहित उर्फ चुन्नू की सोते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटी की चीख सुनकर खुली मां की नींद

घटना मरका थाना क्षेत्र के पिंडारन गांव की है। जयकरन के बच्चे अनूपा और मोहित शुक्रवार रात करीब 10 बजे पंडालों में सजी देवी प्रतिमाओं के दर्शन करके घर लौटे थे। इसके बाद अनूपा कमरे में रखे बक्से के ऊपर लेट गई, जबकि मोहित अपने भाई भूपेंद्र के साथ पास की चारपाई पर सो गया।

रात करीब एक बजे दूसरी चारपाई पर सो रही मां राजरानी की नींद बेटी के कराहने की आवाज से खुली। उन्होंने देखा कि अनूपा के मुंह से झाग निकल रहा था और उसकी हालत बिगड़ी हुई थी। इसी दौरान मोहित की तबीयत भी खराब मिली। मां ने अन्य परिजनों को इसकी जानकारी दी।

अस्पताल में दोनों बच्चों ने तोड़ा दम

परिजनों की मदद से चाचा ननकाई दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बबेरू लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने अनूपा को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहित की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मरका थाने में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मां राजरानी ने बताया कि बेटी की चीख सुनकर उन्हें घटना का पता चला था। उन्होंने सांप को वहां से जाते हुए देखने की बात भी कही। कमरे में मां और परिवार के अन्य बच्चे अलग-अलग चारपाइयों पर सो रहे थे। हालांकि, उनकी तबीयत नहीं बिगड़ी।

पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं

मरका थाना प्रभारी सूबेदार बिंद के मुताबिक, प्रथम दृष्टया दोनों की मौत सांप के डसने से होने की आशंका है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ और दोनों के शरीर पर सांप के डसने के निशान भी नहीं मिले। ऐसे में दोनों बच्चों का बिसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब प्रयागराज भेजा जाएगा।

वहीं, ग्रामीणों ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका भी जताई है। अब फोरेंसिक जांच के बाद ही दोनों बच्चों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पिता अहमदाबाद में करते हैं मजदूरी

दोनों बच्चों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उनके पिता जयकरन अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। बच्चों की मौत की सूचना मिलने पर वह घर के लिए रवाना हो गए।

मोहित तीन भाइयों में सबसे छोटा था और कक्षा छह में पढ़ता था। वहीं, चार बहनों में तीसरे नंबर की अनूपा कक्षा नौ की छात्रा थी। एक ही परिवार के दो बच्चों की अचानक मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

बताया गया है कि जिले में जहरीले कीड़ों के काटने की घटनाओं में अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है।

Kumud Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Kumud Gupta

Mail ID - gkumud27@gmail.com Content Writergkumud27@gmail.com

I am currently pursuing a Bachelor of Journalism and Mass Communication (BJMC) and am a 5th Semester student at KITM Group of Institutions, Khatima, Uttarakhand. I have a strong interest in content writing, particularly on crime, politics, social issues, and history.

Next Story