Banda News: बांदा में मछली पालन से आत्मनिर्भर बन रहीं ग्रामीण महिलाएं

Banda News: बांदा में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 19 महिला स्वयं सहायता समूह 82 बायो फ्लॉक टैंकों में आधुनिक तकनीक से मछली पालन कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

Anwar Raza
Published on: 10 July 2026 7:45 PM IST
Banda News: बांदा में मछली पालन से आत्मनिर्भर बन रहीं ग्रामीण महिलाएं
X

Banda News

Banda News: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत बांदा जिले की ग्रामीण महिलाएं अब मछली पालन के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं। जिले के विभिन्न ब्लॉकों में सक्रिय महिला स्वयं सहायता समूह इस पहल से जुड़कर न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं, बल्कि अच्छा मुनाफा भी कमा रहे हैं।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष परियोजना के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 350 महिलाओं का चयन किया गया। सभी महिलाओं को मछली पालन की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे इस व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर सकें।

चार ब्लॉकों में स्थापित किए गए 82 बायो फ्लॉक टैंक

बांदा जिले के नरैनी, बबेरू, बिसंडा और बड़ोखर खुर्द ब्लॉकों में इस आजीविका आधारित परियोजना की शुरुआत की गई है। वर्तमान में 19 महिला स्वयं सहायता समूह इस कार्य से जुड़े हुए हैं।पारंपरिक तालाबों के बजाय आधुनिक बायो फ्लॉक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके तहत जिले में कुल 82 बायो फ्लॉक टैंक स्थापित किए गए हैं। इनमें 50 टैंक बबेरू, 22 टैंक बिसंडा और 10 टैंक नरैनी ब्लॉक में बनाए गए हैं।

उत्पादन से लेकर बिक्री तक कंपनी संभाल रही जिम्मेदारी

महिलाओं को विपणन और बिक्री की चिंता से मुक्त रखने के लिए सरकार ने एक निजी कंपनी को इस परियोजना की जिम्मेदारी सौंपी है। यह कंपनी टैंकों में मछलियों के वैज्ञानिक उत्पादन से लेकर बाजार में उनकी बिक्री तक की पूरी प्रक्रिया का संचालन कर रही है।इस व्यवस्था से महिलाओं को अपने गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो रहा है और उन्हें बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा। इससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है और वे सीधे इस परियोजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं।सरकार का मानना है कि यह पहल बुंदेलखंड की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

वरिष्ठ संवाददाता, बाँदाraanu.n18@gmail.com
Next Story