TRENDING TAGS :
Banda News : बांदा में SDM पर लेखपाल को धमकाने और पीटने का आरोप, ADM ने जांच के दिए आदेश
Banda News : बांदा में SDM पर लेखपाल को धमकाने और पीटने का आरोप, ADM ने जांच के आदेश दिए, जिले के लेखपालों में रोष व्याप्त।
Banda SDM Threatens Lekhpal ( Image From Social Media )
Banda News : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक एसडीएम द्वारा लेखपाल को धमकाने और पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एसडीएम ने लेखपाल को बंधक बनाकर मारपीट की और जबरन रिपोर्ट लिखवाई। इस घटना से पूरे जिले के चकबंदी लेखपालों में आक्रोश है। उन्होंने एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एसडीएम ने इन सभी आरोपों को फर्जी और निराधार बताया है। मामले की जांच के आदेश एडीएम धर्मेंद्र कुमार ने दिए हैं।
यह पूरा मामला नरैनी तहसील क्षेत्र का है। चकबंदी कार्यालय में तैनात लेखपाल विकास सिंह ने बताया कि 29 अक्टूबर को एसडीएम अमित शुक्ला ने उन्हें बुलाया था। लेखपाल के अनुसार, पथरा गांव में एक अवैध भवन निर्माण चल रहा था, जिस पर विवाद भी था। एसडीएम ने कथित रूप से लेखपाल से कहा कि वह निर्माण कराने वाले के पक्ष में रिपोर्ट लगाएं।
जब लेखपाल ने मना किया और कहा कि यह निर्माण अवैध है, तो एसडीएम नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने लेखपाल को कमरे में घसीट कर ले जाकर बंधक बना लिया, फोन छीन लिया और धमकी दी — “इतने जूते मारूंगा कि गंजे हो जाओगे।”लेखपाल का कहना है कि डेढ़ घंटे बाद उन्हें छोड़ा गया और जबरन रिपोर्ट लगवाई गई।
इसके बाद उन्होंने अपने उच्च अधिकारियों को पूरी जानकारी दी।घटना के बाद जिलेभर के चकबंदी लेखपालों में रोष व्याप्त है।वहीं, एसडीएम अमित शुक्ला ने कहा कि विभागीय कार्य लंबित था, इसलिए संबंधित लेखपाल को कार्य पूरा करने के लिए कहा गया था। उन्होंने लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है।जिला प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए एडीएम धर्मेंद्र कुमार को जांच सौंपी है।


