TRENDING TAGS :
Banda News: बांदा दौरे पर सीएम योगी देंगे 709 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात
Banda News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बांदा दौरे पर 709 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे, प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं।
Banda News
Banda News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बांदा दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लगभग 709 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच लगातार समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक प्रकाश द्विवेदी के क्षेत्र में करीब 171 करोड़ रुपये की लागत से 45 विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जिनका लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा 425 करोड़ रुपये की लागत से 40 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के हाथों प्रस्तावित है।
वहीं, बबेरू विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक विशंबर यादव के क्षेत्र में 65 करोड़ रुपये की लागत से 64 विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जिनका लोकार्पण होगा। साथ ही 47 करोड़ रुपये की लागत से 80 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
देर रात तक चली समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और सत्तारूढ़ दल के नेताओं के बीच देर रात तक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, कार्यक्रम स्थल और विकास योजनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
40 लोगों को नजरबंद करने की तैयारी
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जिले के लगभग 40 लोगों को चिह्नित किया गया है, जो पेपर लीक, लेखपाल भर्ती, यूपीएसआई स्कोरकार्ड और अधिवक्ता की मौत जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने या विरोध प्रदर्शन की तैयारी में थे। प्रशासन ऐसे लोगों को एहतियातन नजरबंद (हाउस अरेस्ट) करने की तैयारी कर रहा है।
सपा विधायक ने उठाए सवाल
बबेरू से समाजवादी पार्टी के विधायक विशंबर यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2018 में बबेरू में बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन वह परियोजना आज तक पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुरानी घोषणाएं अधूरी हैं तो नए शिलान्यास और लोकार्पण का क्या औचित्य है।मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन जहां सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है, वहीं विकास कार्यों और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर जिले का माहौल भी गर्माया हुआ है।


