Banda News: CM योगी ने 710 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण, बुंदेलखंड की बदलेगी तस्वीर

Banda News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाँदा में 710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किया।

Anwar Raza
Published on: 9 July 2026 4:15 PM IST
CM Yogi inaugurates Rs 710 crore development projects, exchange picture of Bundelkhand
X

CM योगी ने 710 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण, बुंदेलखंड की बदलेगी तस्वीर (Photo- Newstrack)

Banda News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाँदा दौरे के दौरान करीब 710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें बाँदा विधानसभा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाएं शामिल रहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया। उन्होंने लाभार्थियों को आवास की चाभी, आयुष्मान कार्ड, पांच लाख रुपये का चेक, सिलाई मशीन सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

बुंदेलखंड की बदली तस्वीर पर जताई खुशी

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपद बाँदा सप्तऋषि बामदेव की पावन धरा है और उन्हें यहां आने का अवसर मिला, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की प्रगति को देखकर उन्हें अंदर से खुशी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से नौ साल पहले उन्होंने बुंदेलखंड की जो स्थिति देखी थी, उस समय यहां प्यास, पलायन और पिछड़ापन ही पहचान बन चुके थे।


उन्होंने कहा कि उस समय बुंदेलखंड में भू माफिया, बालू माफिया, वन माफिया और डकैतों का राज था। थानों में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी और व्यापारी भय के साये में जीवन बिताते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई आशा की किरण जगी और वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद हालात बदलने शुरू हुए।

हर खेत तक पानी और गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर खेत तक पानी पहुंच रहा है और लोगों को पेयजल की सुविधा मिल रही है। सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र युवाओं को मिल रहे हैं और लोगों के सपने साकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज काम कर रहा है, कृषि विश्वविद्यालय स्थापित हुआ है और यह सब अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुनने का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश को लूटा जाता था और गरीबों के लिए कोई योजना नहीं थी, लेकिन अब सरकार की हर योजना का लाभ सीधे गरीबों तक पहुंच रहा है।

सुरक्षा और माफियाओं पर कार्रवाई का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को यमराज के पास भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बाँदा ने विकास का मॉडल प्रस्तुत किया है और महापुरुषों का सम्मान कैसे किया जाए, यह बाँदा दिखा रहा है।

उन्होंने चित्रकूट और भगवान श्रीराम का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोग हिन्दू परंपरा और सनातन का अपमान कर रहे हैं तथा हिन्दू धर्म को कोसते हैं। उन्हें अयोध्या, काशी और मिर्जापुर के मंदिर अच्छे नहीं लगते।

विकास, डिफेंस कॉरिडोर और रोजगार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के समय पैसा कब्रिस्तान में लगता था, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पैसा मंदिरों के विकास पर लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर विकसित हो रहा है और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जिससे पाकिस्तान डर रहा है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में महापुरुषों की मूर्तियां और सड़कें क्यों नहीं बनाईं गईं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी समर्थित माफियाओं के कब्जे से गरीबों और व्यापारियों की 64 हजार एकड़ जमीन मुक्त कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नौजवानों को रोजगार दिया है और कारीगरों के हुनर को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बाँदा का शजर पत्थर विदेशों तक अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बुंदेलखंड की स्थिति ऐसी होगी कि लोग यहां नौकरी मांगने के लिए आएंगे।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

वरिष्ठ संवाददाता, बाँदाraanu.n18@gmail.com
Next Story