Banda News: कॉलेज में प्राधिकार नियंत्रक की नियुक्ति पर छात्रों ने जताई आपत्ति

Banda News: छात्र संघ संघर्ष समिति ने पूर्व प्राचार्य की नियुक्ति का विरोध करते हुए राज्यपाल को ज्ञापन भेजा और निष्पक्ष शिक्षाविद या रिटायर्ड जज को नियंत्रक बनाने की मांग की।

Anwar Raza
Published on: 5 Oct 2026 8:27 PM IST
Students object to appointment of Controller of Authority in college
X

कॉलेज में प्राधिकार नियंत्रक की नियुक्ति पर छात्रों ने जताई आपत्ति (Photo- Newstrack)

Banda News: बांदा के ऐतिहासिक पंडित जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में प्राधिकार नियंत्रक की नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। छात्र संघ संघर्ष समिति ने पूर्व प्राचार्य डॉ. नन्दलाल शुक्ला की नियुक्ति का विरोध करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल और कुलाधिपति को ज्ञापन भेजा है। छात्रों ने आरोप लगाया कि डॉ. शुक्ला शासन स्तर पर पैरवी कर खुद को प्राधिकार नियंत्रक बनवाने का प्रयास कर रहे हैं।

पूर्व प्राचार्य पर लगाए गंभीर आरोप

छात्रों का कहना है कि पूर्व प्राचार्य डॉ. नन्दलाल शुक्ला के कार्यकाल से जुड़े कई मामलों को लेकर पहले से सवाल उठते रहे हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज में ओ-लेवल कंप्यूटर कोर्स के नाम पर प्रति छात्र 1440 रुपये की वसूली की गई। छात्रों के मुताबिक इस कोर्स के लिए न तो कक्षाएं संचालित हुईं और न ही विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए।

इसके अलावा छात्रों ने आरोप लगाया कि प्राचार्य आवास और कॉलेज की जमीन को नियमों के विपरीत लीज पर दिया गया। छात्रों का यह भी कहना है कि सेवानिवृत्ति के कई वर्ष बीतने के बाद भी पूर्व प्राचार्य प्राचार्य आवास पर कब्जा किए हुए हैं और उसका किराया भी जमा नहीं किया गया है।


निष्पक्ष व्यक्ति को नियंत्रक बनाने की मांग

छात्रों ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को प्राधिकार नियंत्रक बनाया जाना, जिन पर इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, बाड़ द्वारा ही खेत खाने जैसा होगा। छात्र संघ संघर्ष समिति ने मांग की है कि कॉलेज का प्राधिकार नियंत्रक किसी रिटायर्ड जज या निष्पक्ष शिक्षाविद को बनाया जाए, ताकि कॉलेज के कामकाज में निष्पक्षता बनी रहे।

ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति और जिलाधिकारी को भी भेजी गई हैं। ज्ञापन देने वालों में अमित यादव, शमशेर यादव, अभय राज, मृत्युंजय सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे। इस मामले में अमित यादव और शमशेर यादव ने भी अपनी बात रखी।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

वरिष्ठ संवाददाता, बाँदाraanu.n18@gmail.com
Next Story