Banda News: बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर, पारा पहुंचा 47.6 डिग्री, तापमान से बेहाल हुए लोग

Banda News: भीषण गर्मी और लू से बांदा में जनजीवन बेहाल, अस्पतालों में मरीज बढ़े, डीएम ने कक्षा 8 तक के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया।

Anwar Raza
Published on: 19 May 2026 11:03 PM IST
Banda becomes the hottest city in the country, mercury reaches 47.6 degrees, people suffer from heat
X

बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर, पारा पहुंचा 47.6 डिग्री, तापमान से बेहाल हुए लोग (Photo- Newstrack)

Banda News: उत्तर प्रदेश का बांदा भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। सोमवार को बांदा का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ यह देश का सबसे गर्म स्थान बन गया। तेज धूप और तपती हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने हालात और ज्यादा खराब कर दिए। गर्मी का असर जनजीवन पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है और लोग जरूरी काम भी सुबह जल्दी निपटाने को मजबूर हैं।

दोपहर होते ही सड़कों पर पसरा सन्नाटा

मंगलवार को भी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई। सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर देखने को मिले और लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर 11 बजे के बाद शहर की सड़कों पर सन्नाटा छा गया। लोग घरों में रहने को मजबूर नजर आए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ दिखाई दी।

अस्पतालों में बढ़ने लगी मरीजों की संख्या

भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले जहां प्रतिदिन 20 से 25 मरीज भर्ती होते थे, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 40 से 45 तक पहुंच गया है। गर्मी और लू से प्रभावित लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। तेज तापमान और लगातार पड़ रही लू ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की मुश्किलें सबसे ज्यादा बढ़ा दी हैं।

कक्षा 8 तक के स्कूलों में घोषित हुआ अवकाश

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान और बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन लोगों से भी दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।

कई दिनों से गर्मी की चपेट में है बांदा

बांदा पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में बना हुआ है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित कर दी है। रविवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद सोमवार को तापमान और बढ़ गया। मंगलवार सुबह से ही गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। लोग सुबह के समय ही अपने जरूरी काम निपटाते नजर आए ताकि दोपहर की भीषण गर्मी से बचा जा सके।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

वरिष्ठ संवाददाता, बाँदाraanu.n18@gmail.com
Next Story