Banda News: पैरामेडिकल कॉलेज में BSC नर्सिंग का दूसरा दीक्षांत समारोह, छात्र-छात्राओं को मिली उपाधि

Banda News: बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एंड नर्सिंग स्कूल में दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी गईं, नर्सिंग शपथ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह।

Anwar Raza
Published on: 8 Aug 2026 7:59 PM IST
Second Convocation of BSC Nursing at Paramedical College, Students Get Titles
X

 पैरामेडिकल कॉलेज में BSC नर्सिंग का दूसरा दीक्षांत समारोह, छात्र-छात्राओं को मिली उपाधि (Photo- Newstrack)

Banda News: बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एंड नर्सिंग स्कूल में दूसरे दीक्षांत समारोह का भव्य और गरिमामय आयोजन कॉलेज ऑडिटोरियम में किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं को उनकी उपाधियां प्रदान की गईं। विद्यार्थियों ने नर्सिंग शपथ लेकर समाज और मानवता की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।


मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में नगर पालिका परिषद बांदा की अध्यक्ष श्रीमती मालती बासु विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। सदर विधायक बांदा के प्रतिनिधि श्री रजत सेठ, भाजपा नेता हाजी आरिफ खान, संतराम राजपूत प्रधान तिंदवारा, विजयाशांति एम प्राचार्य, अर्चना बेले उप प्राचार्य रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा, हाजी एफ यू खान, डॉ साबिहा रहमानी, राबिया खातून, डॉ टी आर सरसैया, डॉ मोहित सिंह, वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी मेडिकल कॉलेज सुनील सक्सेना और समाजसेवी समेत कई लोग उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों को मिली उपाधि, ली नर्सिंग की शपथ

दीक्षांत समारोह के दौरान बीएससी नर्सिंग के सफल छात्र-छात्राओं को उनकी उपाधियां प्रदान की गईं। उपाधि प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों ने नर्सिंग शपथ ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने समाज और मानवता की सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता व्यक्त की। समारोह में विद्यार्थियों के लिए यह अवसर उनके शैक्षणिक सफर के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में रहा।

नर्सिंग सेवा और समर्पण का पेशा है

विशिष्ट अतिथि रजत सेठ ने सदर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी का संदेश पढ़कर सुनाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नर्सिंग का पेशा केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के हित में करने का आह्वान किया।

गेस्ट ऑफ ऑनर मालती बासु ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित नर्सिंग प्रोफेशनल्स स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

रंगारंग कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह

दीक्षांत समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। आकर्षक नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया। मौजूद अतिथियों और दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की।

अस्पताल में भर्ती मरीजों को बांटे फल

कार्यक्रम के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों और संस्थान की ओर से सेवा और मानवीय संवेदना का संदेश दिया गया। दीक्षांत समारोह के अवसर पर किया गया यह कार्य कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।


गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ मूल्यों पर जोर

कॉलेज के चेयरमैन मकबूल अली खां, निदेशक डॉ जरीना खातून और आयोजक एवं भाजपा नेता हाजी आरिफ खान, मुख्य हज ट्रेनर ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें उत्कृष्ट नैतिक और व्यावसायिक मूल्यों से भी परिपूर्ण बनाना है। उन्होंने समारोह में शामिल सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

वरिष्ठ संवाददाता, बाँदाraanu.n18@gmail.com
Next Story