Banda Rain Alert: 25 से 27 सितंबर तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Banda Rain Alert: मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, जलभराव और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

Anwar Raza
Published on: 25 Sept 2026 11:10 PM IST
Rain and thunderstorm alert from 25 to 27 September
X

25 से 27 सितंबर तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी (Photo- Newstrack)

Banda News: भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 25 से 27 सितंबर 2026 के दौरान बांदा जनपद में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बांदा ने नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा है कि तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें। निचले इलाकों, जलभराव वाले रास्तों, नालों, नदी-नालों और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचना चाहिए। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और दृश्यता कम होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोक दें।

वज्रपात के दौरान बरतें विशेष सावधानी

प्रशासन के अनुसार गरज की आवाज सुनाई देते ही खुले स्थान से निकलकर पक्के भवन या सुरक्षित वाहन में शरण लें। पेड़, बिजली के खंभे, टावर या किसी ऊंची संरचना के नीचे खड़े न हों। तालाब, नदी, नहर और अन्य जलस्रोतों से तत्काल दूरी बना लें।



खेतों में काम कर रहे किसान मौसम खराब होते ही काम रोककर सुरक्षित और पक्के भवन में चले जाएं। पशुओं को खुले मैदान या पेड़ों के नीचे न बांधें, बल्कि सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखें। किसानों से अपील की गई है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खेतों में काम न करें तथा खेतों में पानी भरने पर जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। मौसम विभाग और प्रशासन की आधिकारिक चेतावनियों पर भी नजर रखें।

वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने के निर्देश

भारी बारिश के दौरान वाहन की गति धीमी रखें। कम दृश्यता होने पर वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक दें। जलभराव वाले रास्तों, पुल-पुलियों और बहते पानी को जल्दबाजी में पार न करें। सड़क पर पानी की गहराई का अनुमान न होने पर वाहन आगे न बढ़ाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग भी न करें।

प्रशासन ने लोगों से पेड़ के नीचे शरण नहीं लेने, खुले मैदान में खड़े नहीं होने और नदी, तालाब व नहर के आसपास न जाने की अपील की है। टूटे हुए बिजली के तारों को न छुएं और जलभराव वाले विद्युत क्षेत्रों से दूर रहें। अफवाहों पर विश्वास न करें।

घर में जरूरी सामान तैयार रखने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से घर की छत, बालकनी और खुले स्थानों पर रखी ढीली वस्तुओं को सुरक्षित करने को कहा है। घर में पीने का पानी, टॉर्च, मोबाइल चार्ज, प्राथमिक उपचार सामग्री और आवश्यक दवाइयां तैयार रखें। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बांदा ने जनसामान्य से भारी वर्षा, आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान पूरी सावधानी बरतने तथा मौसम विभाग और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। आपदा की स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, बांदा के नंबर 05192-285260 और टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बांदा के अध्यक्ष अमित आसेरी ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की अपील की है।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

वरिष्ठ संवाददाता, बाँदाraanu.n18@gmail.com
Next Story