TRENDING TAGS :
Banda News: आवासीय विद्यालय में दो बच्चों की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लापरवाही के आरोप लगाए
Banda News: बांदा के आवासीय विद्यालय में देर रात दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल से लौटने के बाद दोनों की मौत, परिजनों ने भोजन और सूचना देने में लापरवाही के आरोप लगाए।
आवासीय विद्यालय में दो बच्चों की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लापरवाही के आरोप लगाए (Photo- Newstrack)
Banda News: बांदा से इस वक्त की बड़ी और बेहद गंभीर खबर सामने आ रही है। एक आवासीय विद्यालय में दो बच्चों की मौत से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि देर रात अचानक दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के बाद बच्चों को वापस विद्यालय ले जाया गया, लेकिन बाद में दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया। दोनों बच्चों की मौत आखिर किस वजह से हुई, फिलहाल इसका कारण साफ नहीं हो पाया है और मामला रहस्य बना हुआ है।
घटना के बाद अस्पताल पहुंचे आला अधिकारी
दो बच्चों की मौत की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में भी हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के आला अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों की कोशिश है कि दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने और उनकी मौत के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं मृतक बच्चों के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों को जो खाना दिया जा रहा था, उसकी गुणवत्ता सही नहीं थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों की तबीयत खराब होने की जानकारी उन्हें समय रहते नहीं दी गई। उनका कहना है कि अगर समय पर उन्हें सूचना दी जाती तो शायद बच्चों को लेकर उचित कदम उठाया जा सकता था।
बच्चों की मौत की सूचना के बाद परिवार में मचा कोहराम
परिजनों के मुताबिक, जब दोनों बच्चों की हालत बिगड़ी तो उन्हें समय पर इसकी जानकारी नहीं दी गई। आरोप है कि बच्चों की मौत के बाद परिजनों को सूचना दी गई। जैसे ही परिवार को दोनों बच्चों की मौत की जानकारी मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चों की मौत से परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जांच के बाद सामने आएगी मौत की असली वजह
दो बच्चों की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दोनों बच्चों की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी। उनकी मौत की असली वजह क्या है। क्या विद्यालय में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का बच्चों की तबीयत खराब होने से कोई संबंध है। अगर बच्चों की हालत बिगड़ी थी तो परिजनों को समय पर इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। इन सभी सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं। अब जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। घटना को लेकर अधिकारियों ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सच सामने आता है और जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है। दो मासूमों की मौत की घटना ने आवासीय विद्यालय की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस मामले में परिजन विजय पाल कुशवाहा, विद्यालय प्रबंधक ओम प्रकाश कुशवाहा, जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ विनीत सचान और मृतक की मां प्रियंका की बाइट सामने आई है।


