Banda News: साधु बनकर ठगी करने वाले तीन शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार

Banda News: तिंदवारी पुलिस ने साधु का भेष धरकर लोगों को पैसे दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को नकदी, असलहा और वाहन समेत पकड़ा।

Anwar Raza
Published on: 20 Jun 2026 8:47 PM IST
Banda News: साधु बनकर ठगी करने वाले तीन शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार
X

Banda News: उत्तर प्रदेश की बांदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तिंदवारी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीन शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 75 हजार रुपये नकद, एक अवैध असलहा और घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी साधु-संत का भेष धारण कर लोगों को झांसे में लेकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पैसे दोगुना करने का लालच देकर की थी वारदात

पुलिस के मुताबिक फतेहपुर निवासी मनीष साहू ने तिंदवारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह फतेहपुर से बांदा आ रहे थे। इसी दौरान बेंदाघाट चौराहे के पास उन्हें साधु के वेश में एक व्यक्ति मिला, जिसने पैसे दोगुना करने का लालच दिया। तभी एक चार पहिया वाहन से दो अन्य लोग वहां पहुंचे और मौका पाकर उनकी गाड़ी में रखे 50 हजार रुपये पार कर दिए। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी वाहन से फरार हो गए।


मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भिड़ौरा रोड पर किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

धार्मिक व्यक्ति बनकर जीतते थे लोगों का विश्वास

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे साधु-संत का भेष धारण कर खुद को धार्मिक और आध्यात्मिक व्यक्ति बताते थे। इसके बाद लोगों का विश्वास जीतकर पैसे दोगुना करने, धन वर्षा कराने और अन्य लालच देकर नकदी व आभूषण ठग लेते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते थे।

पहले भी कर चुके हैं टप्पेबाजी की घटनाएं

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले शहर के रेलवे स्टेशन के पास एक महिला को झांसा देकर उसके आभूषण भी हड़प लिए थे। गिरफ्तार आरोपियों में अजय निवासी मथुरा, नवाब नाथ निवासी गौतमबुद्ध नगर और गौरव नाथ निवासी पलवल, हरियाणा शामिल हैं।

जेल भेजने की तैयारी में पुलिस

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद नकदी, अवैध असलहा और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

Next Story