Banda News: नाले में डूबने से दो बालिकाओं की मौत, परिवारों में मातम

Banda News: बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो बालिकाओं की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

Anwar Raza
Published on: 13 July 2026 7:47 PM IST
Two girls die from drowning in drain, families mourn (file photo of dead children)
X

नाले में डूबने से दो बालिकाओं की मौत, परिवारों में मातम (मृतक बच्चियों के फाइल फोटो) (Photo- Newstrack)

Banda News: बांदा जिले में नाले में नहाने के दौरान डूबने से दो बालिकाओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

खेलते-खेलते नाले में नहाने पहुंचीं थीं दोनों बहनें

घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव की है। यहां राधिका उम्र 9 वर्ष पुत्री श्रवण कुमार और अंशिका उम्र 9 वर्ष पुत्री शिवशंकर निवासी दिवली कोतवाली नरैनी की नाले में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि अंशिका कुछ दिन पहले अपनी बुआ के घर आई हुई थी। दोनों बहनें खेलते-खेलते गांव स्थित नाले में नहाने के लिए चली गई थीं।

आसपास के लोगों ने दी परिजनों को सूचना

नहाने के दौरान दोनों बच्चियां गहरे पानी में समा गईं और डूब गईं। आसपास मौजूद लोगों की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और काफी देर तक दोनों की तलाश करते रहे। इसके बाद दोनों बच्चियों को नाले से बाहर निकाला गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन दोनों बच्चियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण करने के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Anwar Raza
ABOUT THE AUTHOR

Anwar Raza

वरिष्ठ संवाददाता, बाँदाraanu.n18@gmail.com
Next Story