बांदा में भाजपा की मैराथन बैठकें, कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुन चौंके सह प्रभारी जगदीश पटेल

BJP Banda Meeting: बांदा में भाजपा सह प्रभारी जगदीश पटेल की बैठकों में बूथ इकाइयों, पन्ना प्रमुखों और क्षेत्रीय अध्यक्ष के व्यवहार को लेकर नेताओं ने सवाल उठाए।

Om Tiwari
Published on: 2 Nov 2026 7:36 PM IST
बांदा में भाजपा की मैराथन बैठकें, कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुन चौंके सह प्रभारी जगदीश पटेल
X

BJP Banda Meeting: देश के गृहमंत्री अमित शाह की लखनउवा ललकार के साथ ही यूपी भाजपा में सांगठनिक गतिविधियां जोर पकड़ गई हैं। सह प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री जगदीश भाई पटेल ने रविवार को बांदा प्रवास में इसकी बानगी पेश की। मैराथन बैठकों के बीच उन्होंने शाह की अंगद के पैर वाली बात का उल्लेख कर कार्यकर्ताओं में जहां जोश भरा, वहीं पार्टीजनों से अलग-अलग से फीडबैक लेने में खासी दिलचस्पी दिखाई। सभी को खुलकर बोलने को प्रेरित किया। फिर, मानो वास्तविकता बयां करने की होड़ लग गई। बूथ इकाइयों से पन्ना प्रमुखों तक की कागजी सक्रियता की बखिया उधेड़ी गई। लेकिन, देवतुल्य कहे जाने वाले कार्यकर्ताओं से क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू का कथित बेजा व्यवहार जानकर पटेल दंग नजर आए। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को भी चंद चुनिंदा लोगों तक सीमित बताते हुए आड़े हाथों लिया गया। उन्हें कार्यकर्ता हितैषी बनने और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कलराज मिश्र से सीखने की सलाह देने में भी कोई कोताही नहीं हुई।


संघ प्रचारकों से मुलाकात बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश

प्रदेश सह प्रभारी शनिवार देर शाम बांदा पहुंचे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम कर रविवार सुबह शुरू हुआ बैठकों मुलाकातों का सिलसिला देर शाम फतेहपुर रवाना होने तक जारी रहा। सबसे पहले पटेल रास्वसंघ मुख्यालय पहुंचे। बंद कमरे में संघ पदाधिकारियों संग बैठक की। जरूरी जानकारियां जुटाई। संघ भवन से पटेल ने भाजपा के पितृ पुरुष रहे जगन्नाथ सिंह परमार के आवास गए। परमार की पत्नी से आशीर्वाद लिया। परिजनों से आत्मीयता जताई। फिर, भाजपा जिला कार्यालय में बैठकों का सिलसिला शुरू किया। जिला, मंडल, मोर्चों और जिले में निवास करने वाले क्षेत्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक ली। प्रभारी भी शामिल हुए।अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने की। पटेल ने सभी में जोश भरा। गृहमंत्री शाह का कथन दोहराया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद के पांव है। कोई नहीं उखाड़ सकता। 2027 में भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से वापसी करेगी। कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं। 30 साल तक भाजपा को कोई हिला भी नहीं सकता।


जनप्रतिनिधियों के निशाने पर रहे क्षेत्रीय अध्यक्ष, संगठन महामंत्री पर भी सवाल

भाजपा जिला कार्यालय में सह प्रभारी पटेल पूर्व पदाधिकारियों के साथ भी बैठे। लेकिन मौजूदा व पूर्व जन प्रतिनिधियों को उन्होंने सर्किट हाउस बुलाया। जलशक्ति राज्यमंत्री और तिंदवारी विधायक रामकेश निषाद, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, पूर्व विधायक राजकरण कबीर, बबेरू पूर्व विधायक चंद्रपाल कुशवाहा, बांदा सदर पूर्व विधायक राजकुमार शिवहरे, बांदा-चित्रकूट पूर्व सांसद भैंरों प्रसाद मिश्र और आरके पटेल, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय तथा भाजपा जिला प्रभारी संतविलास शिवहरे आदि ने शिरकत की। पिता के उपचार के चलते बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी शामिल नहीं हुए। सूत्रों के मुताबिक सभी ने खुलकर बातें रखीं। ज्यादातर बूथ इकाइयों व पन्ना प्रमुखों की भूमिका बोगस बताई गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष साहू के कार्यकर्ताओं से भेजा व्यवहार की बात ने पटेल को चौंकाया। कहा गया, साहू बदतमीजी की हद तक चले जाते हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री सिंह पर चुनिंदा लोगों को ही तरजीह देने की तोहमत मढ़ी गई। उलाहना मिला कि वे जिले के पांच आम कार्यकर्ताओं को भी नहीं जानते। जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कलराज मिश्र दर्जनों कार्यकर्ताओं को नाम लेकर पुकारते थे। सिंह को मिश्र से सीखना चाहिए। बाद में पंचायत और निकाय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक का दौर चला।

Om Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Om Tiwari

omtiwaribanda@newstracksite.vocalwire.com
Next Story