TRENDING TAGS :
Barabanki News: सपा न होती तो NDA के सहयोगी दल संसद-विधानसभा का मुंह तक न देख पाते - अरविंद सिंह गोप
Barabanki News: बाराबंकी में पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने NDA सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के समर्थन के बिना कई नेता संसद और विधानसभा तक नहीं पहुंच पाते।
सपा न होती तो NDA के सहयोगी दल संसद-विधानसभा का मुंह तक न देख पाते - अरविंद सिंह गोप (Photo- Newstrack)
Barabanki News: बाराबंकी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एनडीए के सहयोगी दलों पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। शनिवार को सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बयानों पर पलटवार करते हुए सपा नेता ने साफ कहा कि अगर समाजवादी पार्टी का साथ और बैसाखी न मिली होती, तो आज एनडीए के कई बड़े चेहरों के बेटे न तो लोकसभा का मुंह देख पाते और न ही विधानसभा की चौखट लांघ पाते।
ओमप्रकाश राजभर और एनडीए पर भड़के पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप
पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने बिना नाम लिए ओमप्रकाश राजभर और एनडीए के अन्य सहयोगियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कृपा की राजनीति करने वाले लोग आज सत्ता के नशे में यह भूल गए हैं कि उनका राजनीतिक वजूद किसकी बदौलत है। किसी का बेटा आज लोकसभा में बैठा है तो किसी का विधानसभा में, यह सिर्फ और सिर्फ सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की राजनीतिक उदारता और कृपा से ही मुमकिन हो पाया है। ऐसे एहसान फरामोश लोग आज हमारे ही नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।
सपा के टूटने के दावों को सिरे से खारिज करते हुए गोप ने कहा कि समाजवादी पार्टी न कभी टूटी थी और न ही इसे कोई हिला सकता है। सुभासपा पर सीधा तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जो दल खुद अंदर से बिखरा हुआ है, वह सपा को तोड़ने के खोखले दावे कर रहा है। सच्चाई यह है कि सुभासपा के चार विधायक आज भी समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि सपा को तोड़ने का दम भरने वाले लोग हमारे दल का एक अदना सा प्रधान या ब्लॉक अध्यक्ष भी तोड़कर दिखा दें, तो हम जानें।
पार्टी खत्म की कगार पर
एक राजनीतिक दल पर लगने वाले टिकट बेचने के आरोपों पर अरविंद सिंह गोप ने एक हालिया वायरल वीडियो का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि मैंने भी सोशल मीडिया पर वह वायरल वीडियो देखा है, जिसमें टिकटों की सौदेबाजी की बात कही जा रही है। हालांकि मैं उस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता, लेकिन जिस राजनीतिक दल से वह वीडियो जुड़ा बताया जा रहा है, उसकी इस तरह की कार्यशैली से जनता पहले से ही वाकिफ है, वह पार्टी खत्म की कगार पर है, उनके पास सिर्फ एक MLA है सिर्फ विधानसभा में।
इसके साथ ही उन्होंने मतदाताओं से बेहद भावुक और रणनीतिक अपील करते हुए कहा कि वे आने वाले समय में पूरी तरह सचेत रहें। जनता इस बात का खास ख्याल रखे कि उनके दिए गए पवित्र वोटों का सौदा कहीं और किसी बंद कमरे में न होने पाए।


