TRENDING TAGS :
Barabanki: अखिलेश और राहुल करेंगे गठबंधन पर फैसला, किसी को घबराने की जरूरत नहीं : अरविंद सिंह गोप
Barabanki News: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर जारी अटकलों के बीच अरविंद सिंह गोप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन पर अखिलेश यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मिलकर फैसला करेंगे। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।
Barabanki News
Barabanki News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है। सीटों के बंटवारे और दोनों दलों के नेताओं के बीच जारी बयानबाजी के चलते गठबंधन में खटास आने की अटकलें लगाई जा रही हैं। कांग्रेस की ओर से अपनी दावेदारी वाली सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपे जाने और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत में देरी के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। वहीं, कुछ नेताओं के बयानों ने भी इन चर्चाओं को हवा दी है।
इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मिलकर गठबंधन पर फैसला करेंगे। दोनों दलों का राष्ट्रीय नेतृत्व इस दिशा में बातचीत कर रहा है। ऐसे में किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।गोप ने कहा कि इंडिया गठबंधन पहले भी एकजुट था, आज भी एकजुट है और आगे भी एकजुट रहेगा। गठबंधन के तहत सभी दल मिलकर चुनाव लड़ते हैं और उनके वोट भी एकजुट होकर पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में देश की नंबर एक पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा को उत्तर प्रदेश से विदा करने के लिए गठबंधन बना था और 2027 में भी भाजपा को सत्ता से बाहर करना ही इसका लक्ष्य है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों और गठबंधन में सीटों को लेकर उठ रहे सवालों पर गोप ने कहा कि किसी के बयान पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। जब अखिलेश यादव और राहुल गांधी खुद गठबंधन को लेकर फैसला कर रहे हैं, तो इस मामले में दूसरों के बयानों का कोई महत्व नहीं है। राष्ट्रीय नेतृत्व ही तय करेगा कि गठबंधन किस रूप में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से किसी भी तरह की बयानबाजी से भ्रमित न होने की अपील की।दरअसल, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर सहमति बनाना आसान नहीं दिख रहा है। कांग्रेस ने शुरुआती तौर पर 181 सीटों पर दावेदारी जताई थी, जिसे बाद में बातचीत के दौरान 131 सीटों तक सीमित करने की बात सामने आई। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी की तरफ से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की खबरों ने दोनों दलों के बीच मतभेद की चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
इतना ही नहीं, सपा की ओर से पांच प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि गठबंधन में साझेदार होते हैं, भिखारी नहीं। अब दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर दूसरे दौर की बातचीत 27 नवंबर को प्रस्तावित है। ऐसे में अरविंद सिंह गोप का यह बयान गठबंधन टूटने तक की अटकलों के बीच आया है। फिलहाल सभी की निगाहें अखिलेश यादव और राहुल गांधी के फैसले पर टिकी हैं।


