TRENDING TAGS :
बाराबंकी में भीषण हादसा: डंपर में फंसी कार 50 मीटर तक घिसटी, परिवार के 4 लोगों की मौत
बाराबंकी में भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने कार को 50 मीटर तक घसीटा। हादसे में मां-बाप और उनके दो बच्चों की मौत, 7 वर्षीय बच्ची गंभीर घायल।
barabnki road accident 4 dead
Barabanki Road Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। रामनगर-बाराबंकी हाईवे पर भूलभुलैया गांव के पास रायला ढाबे के सामने तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में दंपति, उनके बेटे और बेटी की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है।
कार में सवार थे एक ही परिवार के पांच लोग
जानकारी के मुताबिक, श्रावस्ती जिले के भिनगा थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद शरीफ (50) मदरसा अरबिया अनवारुल उलूम में बच्चों को पढ़ाते थे। उनकी बहन की तबीयत खराब थी। इसी सिलसिले में वह मंगलवार को पत्नी तबस्सुम बानो (45), बेटे उजैम (25), बेटी रुश्दा (20) और सात वर्षीय बेटी हुदा के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे।
मोड़ पर सामने से आए डंपर ने मारी टक्कर
हादसा मसौली थाना क्षेत्र में रामनगर-बाराबंकी हाईवे पर भूलभुलैया गांव के पास रायला ढाबे के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि कार मोड़ रही थी, तभी सामने से तेज रफ्तार डंपर आ गया। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डंपर के अगले हिस्से में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
शीशे तोड़कर कार से निकाले गए लोग
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार के दरवाजे और शीशे तोड़कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बड़ागांव ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मोहम्मद शरीफ, उनकी पत्नी तबस्सुम बानो, बेटे उजैम और बेटी रुश्दा को मृत घोषित कर दिया।
सात वर्षीय हुदा की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
चार लोगों की मौत की सूचना मिलते ही श्रावस्ती में उनके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।


