TRENDING TAGS :
भीड़भाड़ वाले रेस्टोरेंट की पार्किंग से 1 करोड़ के जेवरात गायब, कार का शीशा तोड़ चोर हुए फरार
Barabanki News: शंग्रीला रेस्टोरेंट की पार्किंग में खड़ी कार को बनाया निशाना, शादी से लौट रहे परिवार के बैग में रखे गहने और नकदी चोरी।
Barabanki Shangrila Restaurant News
Barabanki News : बाराबंकी में नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-अयोध्या हाईवे किनारे स्थित नामचीन शंग्रीला फैमिली रेस्टोरेंट की पार्किंग से मंगलवार रात एक दुस्साहसिक चोरी की वारदात सामने आई है। यहाँ बहराइच में एक शादी समारोह से शामिल होकर लखनऊ लौट रहे परिवार की कार का शीशा तोड़कर शातिर चोरों ने करीब 1 करोड़ रुपये के जेवरात और 30 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। भारी भीड़ के बीच हुई इस बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और आवास विकास चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पीड़ित इकराम खान मूल रूप से बाराबंकी के बदोसराय के निवासी हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में रहते है। मंगलवार रात इकराम खान परिवार के साथ बहराइच में शादी समारोह से लौटते समय रात करीब 9 बजे हाईवे किनारे स्थित शंग्रीला रेस्टोरेंट पर खाना खाने के लिए रुके थे। कार को रेस्टोरेंट के ठीक सामने बनी पार्किंग में खड़ा करके पूरा परिवार अंदर चला गया। करीब एक घंटे बाद जब वे वापस लौटे, तो कार की खिड़की का शीशा चकनाचूर था और अंदर रखे करोड़ों के गहनों व नगदी से भरा बैग गायब था।
यह रेस्टोरेंट अपने वेज-नॉनवेज जायके के लिए जाना जाता है, जिसके चलते शाम होते ही यहाँ गाड़ियों की कतार लग जाती है। इसके बावजूद, चकाचौंध और भारी भीड़ के बीच चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे रेस्टोरेंट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।पीड़ित इकराम खान ने बताया कि रेस्टोरेंट की पार्किंग के पास हमने गाड़ी खड़ी की थी। हमारे साथ महिलाएं थीं। लखनऊ वाले घर पर कोई नहीं था इसलिए सुरक्षा के लिहाज से हम अपना सारा सोना साथ ही ले आए थे। सोने वाले इसी बैग में 30 हजार रुपये की नगदी भी थी, जिसे चोर कार की खिड़की का शीशा तोड़कर उड़ा ले गए।
गाड़ी में महिलाओं के सवार होने की वजह से शायद चोरों को भनक लग गई थी कि कार के अंदर कोई कीमती सामान है। पीड़ित के अनुसार घटना के बाद रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और पीड़ित परिवार को आगे की कार्रवाई के लिए अगले दिन बुधवार की सुबह बुलाया।


