TRENDING TAGS :
Barabanki News: नए CMO के शाही स्वागत पर DM सख्त, जांच के आदेश; बोले- हम जनता के सेवक हैं
Barabanki News: बाराबंकी में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम के कथित शाही स्वागत पर DM ईशान प्रताप सिंह ने जांच बैठा दी। CMO ने कहा कि वे दिखावे के लिए नहीं, जनता की सेवा के लिए आए हैं।
Barabanki News(Photo-Social Media)
Barabanki News: बाराबंकी जनपद के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रंजन गौतम के कार्यभार संभालने के दौरान हुए 'शाही स्वागत' के वायरल वीडियो पर जिला प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। सरकारी दफ्तरों में वीआईपी कल्चर को बढ़ावा देने वाली इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने न सिर्फ कड़ी नाराजगी जताई है, बल्कि इस पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी का भी गठन कर दिया है।
बता दें कि बुधवार को जब नए सीएमओ डॉक्टर रंजन गौतम कार्यभार संभालने के लिए कार्यालय पहुंचे, तो वहां तैनात कर्मचारियों ने उनके स्वागत में रेड कार्पेट (लाल कालीन) बिछा दी और उनके ऊपर फूलों की भारी वर्षा की। सरकारी दफ्तर में हुए इस 'शाही' स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल हो गया, जिसे लेकर आम जनता ने वीआईपी कल्चर और फिजूलखर्ची पर तीखे सवाल उठाने शुरू कर दिए।
इस पूरे विवाद पर जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रंजन गौतम से बात की गई, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि मुझे इस बात की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। यहां के कर्मचारियों ने भावनात्मक होकर ऐसा स्वागत कर दिया था। हम खुद भी इस तरह के वीआईपी कल्चर के पूरी तरह खिलाफ हैं। मैंने सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो। हम लोग जनता के सेवक हैं और यहां उनकी सेवा करने के लिए आए हैं, न कि किसी दिखावे के लिए।"*
वहीं जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने इस घटना पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हमने निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों का माहौल पूरी तरह सादगी से रखा जाए। सीएमओ कार्यालय के प्रकरण में जांच कमेटी गठित कर दी गई है, जो अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। डीएम ने आगे के लिए कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि जनपद में किसी भी अधिकारी का ऐसा तड़क-भड़क वाला स्वागत नहीं होगा और न ही कोई अधिकारी अनावश्यक रूप से गाड़ियों के बड़े काफिले के साथ चलेगा। इस सख्त एक्शन के बाद महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।


