TRENDING TAGS :
Barabanki News: बिजली न आने पर बाहर सो रहे परिवार को डंपर ने रौंदा, चार लोगों की मौत
Barabanki News: बाराबंकी में बिजली कटौती के कारण घर के बाहर सो रहे परिवार को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर।
Barabanki News(Photo-Social Media)
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग स्थित झांसा गांव में तेज रफ्तार डंफर ने सड़क किनारे सो रहे एक परिवार को कुचल दिया। हादसे में पिता और तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम पसर गया।
बिजली न आने पर घर के बाहर सो रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और बिजली न आने की वजह से परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था। रात करीब दो बजे तेज रफ्तार डंफर अचानक अनियंत्रित हो गया। पहले डंफर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पिता और बेटे की मौके पर ही मौत
हादसे में 35 वर्षीय नीरज और उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय अंशिका, 6 वर्षीय आंशू और पत्नी आरती को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान अंशिका और आंशू ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में आरती को लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
किराए की मैजिक चलाकर परिवार पालते थे नीरज
परिजनों के मुताबिक नीरज किराए की मैजिक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोज की मेहनत से घर चलाने वाले नीरज को क्या पता था कि गर्मी और बिजली कटौती के कारण घर के बाहर सोना उनके पूरे परिवार के लिए काल बन जाएगा। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव के लोग भी सदमे में हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने नीरज और अनुराग को मृत घोषित कर दिया। बाद में अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां दो मासूम बच्चों की भी मौत हो गई। जिला अस्पताल में ईएमओ डॉ. आनंद ने बताया कि मृतकों में 35 वर्षीय नीरज, 13 वर्षीय अनुराग, 10 वर्षीय अंशिका और 6 वर्षीय आंशू शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नीरज और अनुराग की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि अंशिका और आंशू ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। घायल आरती की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने डंफर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


