Barabanki News: निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स की स्लैब भरभराकर गिरी, एक की मौत, 10 से ज्यादा घायल

Barabanki News: बाराबंकी के हैदरगढ़ में निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स की स्लैब ढलाई के दौरान गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और दर्जनभर घायल हो गए। दो गंभीर लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर डीएम-एसपी पहुंचे, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

Sarfaraz Warsi
Published on: 27 Jun 2026 8:27 PM IST (Updated on: 27 Jun 2026 10:21 PM IST)
barabanki news
X

बाराबंकी में हैदरगढ़ कस्बे के निकट रनापुर गांव में आज देर शाम एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स की स्लैब अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय छत की ढलाई का कार्य चल रहा था, जिससे मौके पर मौजूद कई मजदूर मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर मजदूर घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में लगभग 90 फीट लंबी एवं 30 फीट चौड़ी लॉबी की स्लैब डाली जा रही थी। शनिवार शाम करीब चार बजे से ढलाई का कार्य चल रहा था और लगभग 200 बोरी मसाले में से 190 बोरी मसाला छत पर चढ़ाया जा चुका था। शाम करीब छह बजे अचानक पूरी स्लैब भरभराकर गिर गई, जिससे नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।



बताया गया कि हादसे के समय निर्माण स्थल पर लगभग 30 से 40 मजदूर कार्यरत थे। इनमें 10 से 12 मजदूर और मिस्त्री छत की ढलाई कर रहे थे, जबकि करीब ढाई दर्जन मजदूर नीचे शटरिंग और लिफ्टर मशीन से संबंधित कार्य में लगे थे। स्लैब गिरने से नीचे कार्य कर रहे मजदूरों को सबसे अधिक चोटें आईं। घटना के बाद 11 घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने नौशाद अली (55) पुत्र इदरीस, निवासी बद्दापुर थाना लोनीकटरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामलखन (48) पुत्र सोहनलाल तथा प्रदीप (22) पुत्र रामविलास, निवासी धौरहरा थाना लोनीकटरा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।



अन्य घायलों में भाईलाल पुत्र श्यामलाल, रामसुख पुत्र चेतराम निवासी ढकिया थाना हैदरगढ़ तथा सर्वेश पुत्र रामसजीवन निवासी गैरियाकापुरवा थाना लोनीकटरा शामिल हैं। वहीं मामूली रूप से घायल मजदूरों में रामहेत पुत्र चेतराम निवासी ढकिया थाना हैदरगढ़, जमुना प्रसाद पुत्र रामबहादुर निवासी सराय चौबे थाना हैदरगढ़, मुकेश कुमार पुत्र रामविलास निवासी रनापुर थाना हैदरगढ़, देशराज पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी कान्हूपुर थाना लोनीकटरा तथा टिंकू (17) पुत्र रामविलास निवासी धौरहरा थाना लोनीकटरा शामिल हैं।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि रेस्क्यू अभियान पूरा कर घायलों एवं मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और यातायात भी पूरी तरह बहाल कर दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है तथा घायलों का समुचित उपचार कराया जा रहा है।



जानकारी के मुताबिक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य स्वामी केपी सिंह द्वारा कराया जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम राजेश विश्वकर्मा एवं क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। बाद में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह तथा पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। रात करीब 8:45 बजे एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद मलबे में दबे लोगों की तलाश तेज कर दी गई।

राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। एसडीएम राजेश विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी शुरू की।



Sarfaraz Warsi
ABOUT THE AUTHOR

Sarfaraz Warsi

Next Story