TRENDING TAGS :
Barabanki Story: विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 6 हजार की रिश्वत लेते लेखपाल और निजी मुंशी गिरफ्तार
Barabanki Story: बाराबंकी में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लेखपाल और निजी मुंशी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
Barabanki Story(Photo-Social Media)
Barabanki Story: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। कोठी थाना क्षेत्र में विजिलेंस की टीम ने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हैदरगढ़ तहसील के मझियावां क्षेत्र के लेखपाल अमित कनौजिया और उनके निजी मुंशी विनय मिश्रा को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कोठी चौराहे के पास पूर्व ब्लॉक प्रमुख की राइस मिल के सामने बने दफ्तर में हुई इस कार्रवाई से राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार शिवालापुरवा (मजरे उस्मानपुर) गांव के निवासी और पेशे से शिक्षक सहजराम रावत से जमीन के एक काम के एवज में अवैध रकम की मांग की जा रही थी। भ्रष्टाचार से तंग आकर शिक्षक ने इसकी शिकायत विजिलेंस टीम से कर दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम के प्रभारी विजय यादव के नेतृत्व में जाल बिछाया गया। जैसे ही पीड़ित ने लेखपाल और उनके मुंशी को 6 हजार रुपये थमाए, वैसे ही पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद टीम दोनों आरोपियों को फौरन कोठी थाने ले गई। कोठी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विजिलेंस टीम की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों और जनता में काफी संतोष है।


