TRENDING TAGS :
Barabanki News: पुलिस की दबिश के दौरान युवक ने गोमती नदी में लगाई छलांग, 12 घंटे बाद मिला शव
Barabanki News: बाराबंकी में पुलिस की दबिश के दौरान एक युवक ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। करीब 12 घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद हुआ। जानिए पूरी घटना और पुलिस जांच से जुड़ी जानकारी।
Barabanki News(Photo-Social Media)
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश में गोमती नदी में कूदे युवक का करीब 12 घंटे बाद शव बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें सबसे छोटी बच्ची अभी महज छह माह की बताई जा रही है।
मामला कोठी थाना क्षेत्र के पहला गांव का है, जहां रविवार दोपहर जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की थी। पुलिस को देखकर मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने छह लोगों को पकड़ लिया, जबकि सरायरावत गांव निवासी घनश्याम साहू मौके से भाग निकला। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान वह दौड़ते हुए गोमती नदी की ओर गया और नदी में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह करीब 12 घंटे बाद नदी से घनश्याम का शव बरामद कर लिया गया।
शव मिलने के बाद मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक घनश्याम मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक 7 साल का बेटा, एक चार वर्षीय बेटा और छह माह की मासूम बच्ची भी शामिल है। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि नदी में कूदने के बाद युवक काफी देर तक बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन उसे समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।


