Barabanki News: बाराबंकी में बोलेरो छोड़ साइकिल से गांव-गांव पहुंची पुलिस

Barabanki News: बाराबंकी के असंद्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइकिल गश्त कर लोगों की समस्याएं सुनीं, अतिक्रमण हटाने की समझाइश भी दी।

Sarfaraz Warsi
Published on: 16 May 2026 9:30 PM IST
Police reach villages by bicycle leaving Bolero in Barabanki
X

बाराबंकी में बोलेरो छोड़ साइकिल से गांव-गांव पहुंची पुलिस (Photo- Newstrack)

Barabanki News: बाराबंकी। आमतौर पर सायरन बजाती बोलेरो और तेज रफ्तार बाइक पर नजर आने वाली पुलिस शनिवार को बाराबंकी में एक अलग अंदाज में दिखाई दी। असंद्रा थाना क्षेत्र में खाकी वर्दी पहने दरोगा और सिपाही जब साइकिलों पर कतार बनाकर गांवों और बाजारों की गलियों से गुजरे तो लोग ठिठक गए। यह नजारा लोगों को पुराने दौर की पुलिसिंग की याद दिलाता नजर आया।

बाराबंकी पुलिस ने साइकिल से किया गस्त

प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में असंद्रा पुलिस ने ईंधन बचाने और आमजन से सीधा संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से साइकिल गश्त शुरू की। थाने की बोलेरो और बाइक छोड़ पुलिसकर्मी सुबह साइकिलों पर सवार होकर असंद्रा बाजार पहुंचे। यहां दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों से रुक-रुककर बातचीत की गई। लोगों से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और बाजार की समस्याओं की जानकारी ली गई।

इसके बाद पुलिस टीम हैदरगढ़-रामसनेहीघाट मार्ग होते हुए नई सड़क कस्बे तक पहुंची। रास्ते भर यह साइकिल गश्त लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। बच्चे पुलिस को साइकिल पर देखकर मुस्कुराते नजर आए, जबकि बुजुर्गों ने इस पहल की सराहना की। कई जगह लोगों ने पुलिसकर्मियों को रोककर क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याएं बताईं।

नई सड़क कस्बे में सड़क किनारे लगे ठेले और अस्थायी अतिक्रमण पर भी पुलिस ने लोगों को समझाइश दी। करीब आधा दर्जन अतिक्रमण चिन्हित किए गए। पुलिस ने दुकानदारों और ठेला संचालकों से कहा कि सड़क पर कब्जा होने से राहगीरों और वाहनों को परेशानी होती है, इसलिए व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का असर

इस साइकिल गश्त की सबसे खास बात यह रही कि वाहन पर रहने वाली पुलिस की तुलना में साइकिल पर निकले पुलिसकर्मी लोगों के ज्यादा करीब नजर आए। ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार पुलिस इतनी शांति और सहजता के साथ गांव-गांव घूमती दिखाई दी।

प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि साइकिल गश्त से ईंधन की बचत के साथ आमजन की समस्याओं को करीब से समझने का अवसर मिलता है। असंद्रा पुलिस की यह पहल अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story