TRENDING TAGS :
Barabanki News: रामनगर सीट पर सुभासपा का दावा, संजय तिवारी घोषित प्रत्याशी
Barabanki News:बाराबंकी में समीक्षा बैठक के दौरान अरविंद राजभर ने रामनगर सीट से संजय तिवारी को प्रत्याशी घोषित किया, भाजपा गठबंधन से सीट की मांग दोहराई।
रामनगर सीट पर सुभासपा का दावा, संजय तिवारी घोषित प्रत्याशी (Photo- Newstrack)
Barabanki News: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर शुक्रवार को बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने रामनगर के एक निजी लॉन में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर जीत के मंत्र दिए। इस बैठक के दौरान अरविंद राजभर ने एक बड़ा सियासी दांव खेलते हुए रामनगर विधानसभा क्षेत्र से संजय तिवारी को अपनी पार्टी का कैंडिडेट (प्रत्याशी) घोषित कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने बाराबंकी में गठबंधन के तहत इसी सीट पर चुनाव लड़ने का खुला दावा भी ठोक दिया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान अरविंद राजभर ने बाराबंकी में अपनी चुनावी रणनीति को पूरी तरह स्पष्ट किया। उन्होंने हाईलाइट करते हुए कहा कि हम उत्तर प्रदेश में वहीं चुनाव लड़ेंगे जहां हमारा मजबूत जन आधार होगा। बाराबंकी जिले में हमारा सबसे मजबूत जनाधार इसी रामनगर सीट पर है, इसलिए हम यहीं से चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं। हम गठबंधन (भाजपा) से यह एक सीट अपने लिए मांग रहे हैं और इसके एवज में हम अन्य जगहों पर 10 सीटें छोड़ने को भी तैयार हैं।
जब उनसे पूछा गया कि भाजपा के पूर्व विधायक जो बहुत कम वोटों से हारे थे, वे भी यहां से दावेदार हैं, तो क्या भाजपा आपकी पार्टी को यह टिकट देगी, इस पर उन्होंने कहा कि हम खुद 17 सीटों पर लड़े थे और 10 सीटों पर महज 500 से 1000 वोटों के अंतर से हार गए थे। ऐसी सिचुएशन जहां भी आएगी, उस पर शीर्ष नेतृत्व मिलकर फैसला करेगा।
अरविंद राजभर ने बताया कि पार्टी ने उत्तर प्रदेश की लगभग 56 विधानसभा सीटों पर अपने कोऑर्डिनेटर और सब-कोऑर्डिनेटर बनाए हैं, जहां संगठन और जातिगत आंकड़ों के आधार पर लगातार समीक्षाएं हो रही हैं। इसी कड़ी में आज रामनगर की समीक्षा की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए गांवों में जाएं और चौपालों के माध्यम से पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार कर मतदाताओं को जोड़ें।


