Barabanki News: तनुज पुनिया का स्मृति ईरानी पर पलटवार, बोले- 2027 में यूपी में होगा तख्तापलट

Barabanki News: बाराबंकी में कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने स्मृति ईरानी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेताओं के शामिल होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। पुनिया ने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा।

Sarfaraz Warsi
Published on: 15 Oct 2026 6:17 PM IST
Barabanki News
X

Barabanki News(Photo-Social Media)

Barabanki News: भाजपा नेता स्मृति ईरानी की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी के तीन नेताओं अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह और विनोद चतुर्वेदी के भाजपा में शामिल होने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। स्मृति ईरानी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अमेठी की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी। साथ ही प्रदेश में भी बंपर बहुमत से सरकार बनाएगी। उनके इस बयान पर बाराबंकी के कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने का मन जनता बना चुकी है। बड़े-बड़े नेताओं के बयान और घोषणाएं अब जनता का मूड नहीं बदल सकते। तनुज पुनिया ने कहा कि अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या स्मृति ईरानी कोई भी कुछ कह लें, लेकिन जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में युवाओं के साथ हो रहे व्यवहार, किसानों की समस्याओं और महिलाओं के मुद्दों को जनता देख रही है। टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की कार्यशैली लोगों के सामने है। ऐसे में भाजपा के बड़े-बड़े दावों से अब काम नहीं चलने वाला है।

-2027 के विधानसभा चुनाव में अमेठी की राजनीतिक स्थिति और भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल पर तनुज पुनिया ने कहा कि अमेठी में इंडिया गठबंधन की जीत होगी। उन्होंने अमेठी को कांग्रेस का मजबूत गढ़ बताते हुए कहा कि पिछली बार जनता से भूल हुई थी, जिसका उसे पछतावा हुआ। लोकसभा चुनाव में वहां की जनता ने कांग्रेस को फिर से सीट सौंपकर अपना भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि जीत का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरे उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होना तय है। सपा नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि राजनीति में नेता इधर-उधर आते-जाते रहते हैं, लेकिन जब जनता अपना मन बना लेती है तो नेताओं के दल बदलने से कोई खास फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि जनता अब राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन को चाहती है। उनके मुताबिक, जनता राजनीतिक दलों और नेताओं के दावों के बजाय उनके काम और विचारधारा को देख रही है।

-तनुज पुनिया ने कहा कि राजनीति में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनकी विचारधारा बदलती रहती है। ऐसे नेताओं पर जनता आसानी से विश्वास नहीं करती। जनता सबका असली चेहरा देख रही है और यह समझ रही है कि कौन मजबूती से उसके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और महिलाओं के हितों के लिए खड़े होने वाले नेताओं को ही जनता का समर्थन मिलेगा। उन्होंने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की बात करते हुए कहा कि दबे-कुचले और वंचित वर्गों के साथ खड़े होने वालों को ही जनता चुनेगी। तनुज पुनिया ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन देखने को मिलेगा।

Sarfaraz Warsi
ABOUT THE AUTHOR

Sarfaraz Warsi

वरिष्ठ संवाददाता, बाराबंकीbarabankisarfarazwarsi@newstracksite.vocalwire.com
Next Story