TRENDING TAGS :
Bareilly News: खेत से 5 वर्षीय बच्ची को ले जाने की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा
Bareilly News: बरेली के शाही थाना क्षेत्र में खेत के पास खेल रही 5 वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने की कोशिश का आरोप, ग्रामीणों की सतर्कता से घटना टली, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
खेत से 5 वर्षीय बच्ची को ले जाने की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा (Photo- Social Media)
Bareilly News: बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बच्ची के परिजनों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाही थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान अपने माता-पिता के साथ खेत में काम कर रहे थे। उसी दौरान उनकी पांच वर्षीय बेटी खेत के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। आरोप है कि शनिवार शाम करीब सात बजे रामपुर जिले के थाना खजुरिया क्षेत्र के ग्राम चेचा निवासी राजू वहां पहुंचा। बताया गया कि आरोपी नशे की हालत में था।
बच्ची को नमकीन दिलाने का लालच दिया
आरोप है कि उसने बच्ची को नमकीन दिलाने का लालच देकर अपने झांसे में लिया और उसे अपने साथ ले जाने लगा। इसी बीच खेत में काम कर रहे लोगों की नजर बच्ची और आरोपी पर पड़ गई। ग्रामीणों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने तत्काल उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही मौके पर अन्य ग्रामीण भी एकत्र हो गए।
पीड़ित पिता का कहना है कि यदि ग्रामीण समय रहते आरोपी को नहीं पकड़ते, तो उनकी बेटी के साथ कोई गंभीर अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद गांव में लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।
छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें
शिकायत के आधार पर शाही थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


