Bareilly News: दहेज हत्या मामले में दो वांछित गिरफ्तार, मीरगंज पुलिस ने नौसना पुल के पास पकड़ा

Bareilly News: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंडनपुर गांव में विवाहिता की मौत के मामले में पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया था।

Sunny Goswami
Published on: 7 Aug 2026 10:01 PM IST
Bareilly News: दहेज हत्या मामले में दो वांछित गिरफ्तार, मीरगंज पुलिस ने नौसना पुल के पास पकड़ा
X

Bareilly News

Bareilly News: जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव मंडनपुर में दहेज हत्या के मामले में मीरगंज पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को मंडनपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

इस मामले में मृतका के पिता वेदप्रकाश, निवासी मंडावा वंशीपुर, थाना शाही ने मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री हेमवती को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। प्रताड़ना के कारण ही उसकी मौत हुई।शिकायतकर्ता का यह भी आरोप था कि घटना के बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 80(2), 191(2), 115(2), 351(3) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और क्षेत्राधिकारी मीरगंज के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में चौकी लाभारी प्रभारी उपनिरीक्षक सूरजपाल सिंह और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर नौसना पुल के पास दबिश दी।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रामेश्वर दयाल (22) पुत्र वीरपाल और वीरपाल (53) पुत्र रामस्वरूप, निवासी ग्राम मंडनपुर, थाना मीरगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story