TRENDING TAGS :
Bareilly News: रातभर कमरे में भरती रही गैस, माचिस जलाते ही हुआ धमाका; महिला दिल्ली रेफर
Bareilly News: बरेली में कमरे में रातभर गैस भरती रही। सुबह माचिस जलाते ही जोरदार धमाका हो गया, जिसमें महिला झुलस गई। गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: बरेली थाना शाही क्षेत्र के कस्बे में शुक्रवार सुबह गैस चूल्हा जलाते समय अचानक तेज धमाका हो गया। हादसे में 35 वर्षीय राधा पत्नी अमित गंभीर रूप से झुलस गईं। धमाके के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल महिला को बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम निधि शुक्ला, सीओ अजय कुमार और तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, महिला के घर में लगे गैस सिलिंडर से रिसाव हो रहा था। रातभर गैस रिसने के कारण कमरे में गैस जमा होती रही। शुक्रवार सुबह राधा ने खाना बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाने का प्रयास किया। जैसे ही उन्होंने माचिस जलाई, कमरे में जमा गैस ने आग पकड़ ली और तेज धमाका हो गया। अचानक हुए विस्फोट से महिला आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि गैस की चिमनी का पाइप भी फट गया।
धमाके से मची अफरा-तफरी
अचानक हुए धमाके और आग लगने से घर में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उन्हें तत्काल बरेली के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम निधि शुक्ला, सीओ अजय कुमार और तहसीलदार आशीष कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना के संबंध में जानकारी ली। तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह महिला गैस जला रही थीं, तभी अचानक धमाका हो गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गई हैं। उनकी हालत गंभीर होने के कारण बरेली से दिल्ली रेफर किया गया है।


