TRENDING TAGS :
Bareilly News: 12 दिन बाद थाने पहुंची युवती, बोली- अपनी मर्जी से प्रेमी से की शादी
Bareilly News: बरेली में 12 दिन बाद थाने पहुंची युवती, प्रेमी से मर्जी से शादी करने की बात कही। पुलिस ने मेडिकल कराकर कोर्ट में बयान के लिए भेजा।
Bareilly News: बरेली शाही थाना क्षेत्र के एक गांव से प्रेमी के साथ गई युवती 12 दिन बाद बुधवार को अचानक खुद थाने पहुंच गई। युवती ने पुलिस के सामने स्पष्ट कहा कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर प्रेमी के साथ गई थी और दोनों ने शादी कर ली है। युवती के इस बयान के बाद पुलिस ने उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अब न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद अदालत के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, शाही थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती 23 अक्तूबर को गांव के ही अमित के साथ चली गई थी। युवती के अचानक घर से लापता होने पर परिवार में खलबली मच गई थी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर युवती के पिता ने शाही थाने पहुंचकर अमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस युवती की तलाश में जुट गई थी। पुलिस की ओर से संभावित स्थानों पर दबिश देकर उसकी जानकारी जुटाई जा रही थी।
बुधवार को हाईकोर्ट के निर्देश पर युवती खुद शाही थाने पहुंच गई। यहां पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से अमित के साथ गई थी। उसने प्रेमी के साथ शादी करने की बात भी पुलिस को बताई। युवती के बालिग होने और उसकी ओर से दिए गए बयान को देखते हुए पुलिस ने नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।दुनका चौकी प्रभारी मुनेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि युवती की लगातार तलाश की जा रही थी। बुधवार को उसके थाने पहुंचने पर उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।वहीं, सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि युवती के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। न्यायालय में दिए गए बयान और अदालत के निर्देशों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


