Bareilly News: कांवड़ मार्गों की बदहाली पर हिंदू जागरण समिति ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Bareilly News: बरेली के मीरगंज क्षेत्र में कांवड़ मार्गों की जर्जर स्थिति को लेकर हिंदू जागरण एवं स्वाभिमान सुरक्षा समिति ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। समिति ने यात्रा शुरू होने से पहले सड़कों की मरम्मत, जलभराव और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

Sunny Goswami
Published on: 15 July 2026 6:20 PM IST
Bareilly News: कांवड़ मार्गों की बदहाली पर हिंदू जागरण समिति ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
X

Bareilly News

Bareilly News: बरेली सावन माह और आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हैं, लेकिन क्षेत्र के कांवड़ मार्गों की जर्जर स्थिति को लेकर हिंदू जागरण एवं स्वाभिमान सुरक्षा समिति ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। बुधवार को समिति के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

समिति ने ज्ञापन में कहा कि क्षेत्र के कई कांवड़ मार्ग बदहाल स्थिति में हैं। जगह-जगह सड़कें टूटी हुई हैं और बारिश के कारण बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है। कई स्थानों पर नालों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समिति का कहना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांवड़ यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।ज्ञापन में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए।

समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय शांति एवं सुरक्षा समिति की बैठक में उनके संगठन को आमंत्रित नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि संगठन को बैठक में शामिल किया जाता तो क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और कांवड़ मार्गों की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया जा सकता था।समिति ने मांग की कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़कों की मरम्मत, जलभराव की समस्या का समाधान, नालों की सफाई और मार्गों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में शांति एवं सुरक्षा समिति की बैठकों में संगठन के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में नगर अध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश गंगवार, उपाध्यक्ष अंकित कुर्मी, प्रदीप गंगवार, धर्मेंद्र गंगवार, शिवम जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story