TRENDING TAGS :
Bareilly News: गुरु पूर्णिमा पर श्री बालाजी दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हुआ हवन-यज्ञ और भंडारा
Bareilly News: मीरगंज के श्री बालाजी दरबार में गुरु पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन, गुरु पूजन, हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे में भाग लिया।
Bareilly News: बरेली गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मीरगंज स्थित प्रसिद्ध श्री बालाजी दरबार में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे दिन चले धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु पूजन, हवन-यज्ञ और भंडारे में सहभागिता की। सुबह से ही दरबार में दर्शन-पूजन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ बालाजी महाराज के विशेष श्रृंगार, महाआरती एवं गुरु पूजन के साथ हुआ। इसके बाद विद्वान आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। यजमानों और श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर "जय श्री राम" और "जय बालाजी सरकार" के जयघोष से गुंजायमान रहा।
दरबार के महंत राम किशोर मौर्य ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और सत्य के मार्ग पर चलना सिखाते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से गुरु के बताए आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद बालाजी महाराज को भोग अर्पित कर विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ। देर शाम तक चले भंडारे में मीरगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में बालाजी दरबार सेवा समिति के प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र, सुनीता, सुषमा, आशा, उमेश पाल, बब्लू, प्रदीप मौर्य, दीपक, सतीश, नरपत, ओम प्रकाश, धनीराम मौर्य, पुष्पा, मालती सहित सभी सेवादारों ने सक्रिय योगदान दिया। श्रद्धालुओं के लिए जलपान, बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुचारु रूप से की गई थीं।


